Ratanpur Mahamaya Temple: मंदिर में मारपीट का वीडियो वायरल, BJP ने रेहाना बेगम को पद से हटाया
Ratanpur Mahamaya Temple: मंदिर परिसर में मारपीट और अभद्रता का वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा ने बड़ी कार्रवाई की है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की महामंत्री रेहाना बेगम को पद से हटा दिया गया है। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मंदिर ट्रस्ट ने विवाद में शामिल चार स्थानीय दुकानदारों को दुकानें हटाने का अल्टीमेटम दिया है।
Ratanpur Mahamaya Temple: मंदिर परिसर में हुई मारपीट और अभद्रता के मामले में भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा रुख अपनाया है। मंदिर प्रांगण में एक युवक की चप्पल से पिटाई करने का वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा संगठन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अल्पसंख्यक मोर्चा की महामंत्री रेहाना बेगम को पद से निष्कासित कर दिया है। दूसरी ओर, मंदिर ट्रस्ट और स्थानीय पुलिस प्रशासन ने भी इस घटना को लेकर सख्त कदम उठाए हैं।
आपा खो कर युवक पर चप्पल से हमला
यह घटना 22 अगस्त की बताई जा रही है। मंदिर परिसर के पास चोरी की एक पुरानी बात को लेकर भाजपा से जुड़े दो गुटों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से तीखी बहस और गाली-गलौज होने लगी। इसी गहमागहमी के बीच भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा (रतनपुर) की महामंत्री रेहाना बेगम ने आपा खो दिया और दूसरे पक्ष के युवक पर चप्पल से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जिसके बाद यह मामला तेजी से तूल पकड़ गया।
पुलिस और मंदिर प्रशासन का सख्त रुख
घटना का वीडियो सामने आते ही दोनों पक्षों ने रतनपुर थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस कार्रवाई: रतनपुर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। रतनपुर थाना प्रभारी (TI) नीलेश पांडेय ने बताया कि रेहाना बेगम के खिलाफ गंभीर धाराओं समेत SC-ST एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
मंदिर ट्रस्ट की कार्रवाई: महामाया मंदिर ट्रस्ट ने परिसर की शांति और सामाजिक सौहार्द बिगड़ने पर सख्त नाराजगी जताई है। ट्रस्ट प्रशासन ने इस विवाद में शामिल 4 स्थानीय दुकानदारों को एक सप्ताह के भीतर अपनी दुकानें हटाने का अल्टीमेटम जारी कर दिया है।
संगठन ने तत्काल प्रभाव से पदमुक्त किया
मामले की गंभीरता और सोशल मीडिया पर फजीहत होते देख भाजपा संगठन हरकत में आया। भाजपा के ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोतीलाल जायसवाल ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए रेहाना बेगम को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया। जिलाध्यक्ष ने साफ शब्दों में कहा कि पार्टी में अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की निष्पक्ष जांच और कानूनी प्रक्रिया में किसी तरह का दखल न हो, इसलिए जांच पूरी होने तक उन्हें दायित्वों से मुक्त किया गया है।