भारत स्काउट्स एवं गाइड्स संघ, आरंग की वार्षिक बैठक अरुंधती देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित की गई। बैठक विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा के नेतृत्व में हुई, जिसमें स्काउटिंग और गाइडिंग गतिविधियों को और बेहतर बनाने के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
आरंग के स्काउट-गाइड की उपलब्धियों पर चर्चा
बैठक में संघ के सचिव रोहित वर्मा ने बताया कि राज्य और जिला स्तर के विभिन्न कार्यक्रमों में आरंग विकासखंड लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। जिला स्तरीय तृतीय सोपान शिविर और राज्य पुरस्कार पूर्वाभ्यास शिविर में आरंग से सबसे अधिक बच्चों ने भाग लिया।
13 स्कूलों ने प्याऊ संचालन में दी सेवा
गर्मी के मौसम में लोगों को राहत देने के लिए आरंग विकासखंड के 13 विद्यालयों के स्काउट एवं गाइड ने प्याऊ संचालन में अपनी सेवाएं दीं। जिले में यह संख्या सबसे अधिक रही। बैठक में सेवा गतिविधियों को आगे भी जारी रखने पर जोर दिया गया।सड़क सुरक्षा और नशामुक्ति अभियान चलाने का निर्णय
बैठक में विकासखंड के सभी स्कूलों में स्काउट एवं गाइड के माध्यम से सड़क सुरक्षा और नशामुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ-साथ आम लोगों को भी इन मुद्दों के प्रति जागरूक करना है। स्काउटिंग गतिविधियों से प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को जोड़ने के लिए एक दिवसीय कब-बुलबुल उत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके जरिए छोटे बच्चों में अनुशासन, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर रहेगा।
स्कूलों के पंजीयन पर विशेष जोर
बैठक में विकासखंड के सभी स्कूलों का स्काउट एवं गाइड के तहत पंजीयन कराने पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही चार्टर और वारंट तैयार करने की प्रक्रिया को पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि सभी विद्यालयों की भागीदारी व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित हो सके। बैठक में अरुंधती देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य बारीक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस दौरान लीना वर्मा, सपना बड़ोनिया, दौलत राम साहू, कुमुद देवांगन, विनीता वर्मा, राजूलाल पोर्ते, होरीलाल पटेल, लोकेश्वर साहू, बिंदु दुबे, आरती साहू, सरिता वैश, लोकेश्वरी कश्यप, लक्ष्मी नारायण पटेल, सीमा हरदेल, मेनका निषाद, अजय काटले, हेमंत साहू, दीप बंजारे, मनहरण लाल यादव और सावित्री चंद्राकर सहित अन्य स्काउटर एवं गाइडर मौजूद रहे।