बिलासपुर के रतनपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। नेशनल हाईवे स्थित गहलोत ढाबे में देर रात तीन बदमाशों ने चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर ढाबे के गल्ले से नकदी लूटी और फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, नवापारा स्थित गहलोत ढाबे में देर रात तीन युवक पहुंचे और शराब की मांग करने लगे। ढाबा कर्मचारियों ने जब शराब देने से मना किया तो आरोपी विवाद करने लगे। मामला बढ़ने पर उन्होंने चाकू निकालकर कर्मचारियों को धमकाना शुरू कर दिया।
कर्मचारी से मारपीट कर 4500 रुपये लूटे
इस दौरान ढाबे के कर्मचारी विजेंद्र कमल ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। बदमाशों ने डंडे, स्टील पाइप और मुक्कों से उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद आरोपी ढाबे के गल्ले में रखे 4500 रुपये लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और करैहापारा इलाके में दबिश देकर तीनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।लूटी गई रकम और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 4500 रुपये की नकदी बरामद कर ली है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल चाकू, लाठी और अन्य सामान भी जब्त किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों विकास उर्फ विक्कू रावत, शनि उर्फ राजा कश्यप और ब्यासनारायण उर्फ छोटू के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।