Sehore News: जमशेदनगर इलाके में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। छोटे पुल के पास पानी के केन और केम्परों से भरा एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर नाले के किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो पलटने के बाद उसमें रखे पानी के पीले केन और केम्पर नाले के किनारे बिखर गए।
लोगों ने संभाला मोर्चा
ऑटो चालक और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और नाले के पास गिरे सामान को बाहर निकालने में मदद की। घटना के बाद काफी देर तक लोग वहां जुटे रहे और ऑटो को सुरक्षित निकालने की कोशिश करते दिखाई दिए।
जर्जर पुलिया से बढ़ा खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि जमशेदनगर स्थित यह छोटी पुलिया लंबे समय से खराब स्थिति में है। पुल की मरम्मत और जीर्णोद्धार का काम चल रहा है, लेकिन इसके बावजूद यहां से गुजरने वाले वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निवासियों के मुताबिक, कुछ समय पहले भी पुलिया के निर्माण कार्य के दौरान कंक्रीट का हिस्सा गिर गया था। उस दौरान काम कर रहे मजदूर भी बड़ी दुर्घटना का शिकार होने से बच गए थे।
जल्द निर्माण पूरा करने की मांग की
लगातार सामने आ रही घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। उनका कहना है कि क्षतिग्रस्त पुलिया और संकरे रास्ते के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों पर हर समय खतरा बना रहता है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पुलिया निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराया जाए और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की स्थिति न बने।
