खेत में अकेले रहती थीं मृतका
मृतका की पहचान प्रेम बाई अहिरवार, पति स्वर्गीय राम नारायण अहिरवार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनके पति शिक्षक थे और उनकी मृत्यु के बाद प्रेम बाई खेत में ही घर बनाकर अकेले रह रही थीं। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा उमरिया जिले के पाली में डाक विभाग में कार्यरत है, जबकि छोटा बेटा देवशरण अहिरवार गांव के पुराने मकान में रहता है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सीधी थाना प्रभारी शिवेंद्र भगत ने बताया कि रात के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने महिला पर हमला किया, जिसमें गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार, वारदात की वजह और आरोपी तक पहुंचने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना वाली रात महिला के घर के आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति की आवाजाही हुई थी या नहीं।
खेत में बने घर में अकेली रह रही महिला की हत्या से इलाके में भय का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह और आरोपी के बारे में जानकारी सामने आ सकेगी।
