सिवनी जिले से एक चौंकाने वाला और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक मुस्लिम युवक की बेरहमी से पिटाई करने और उसके जख्मों पर नमक-मिर्च छिड़कने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब एक महीने पुराना है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और सार्वजनिक रूप से माफी भी मंगवाई।
मामला पर एकतरफा प्रताड़ना से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, भोमा निवासी मुस्लिम युवक सोहेल खान पर आरोप है कि वह आईटीआई की छात्रा को लगातार रास्ते में रोककर परेशान करता था। आरोप यह भी है कि वह छात्रा पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा था।
छात्रा की शिकायत के बाद बढ़ा विवाद
पीड़ित छात्रा ने परेशान होकर पूरी घटना अपने परिवार को बताई। इसके बाद परिजनों और कुछ स्थानीय युवकों ने सोहेल खान को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसी दौरान उसके जख्मों पर नमक-मिर्च लगाने का वीडियो रिकॉर्ड किया गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद पीड़ित छात्रा ने पुलिस अधीक्षक (SP) से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।प्रताड़ना से पढ़ाई हुई प्रभावित
छात्रा का कहना है कि वह अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहती है, लेकिन लगातार मिल रही धमकियों और डर के कारण उसने आईटीआई जाना बंद कर दिया था। उसने पुलिस से सुरक्षित माहौल में दोबारा पढ़ाई शुरू करने की मांग की है। वीडियो वायरल होने के बाद सिवनी पुलिस ने कानून हाथ में लेने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने साफ किया कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं है। वहीं छात्रा की शिकायत पर सोहेल खान के खिलाफ भी छेड़छाड़, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मॉब लिंचिंग पर पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि किसी भी अपराध या शिकायत की स्थिति में कानून का सहारा लेना चाहिए। भीड़ द्वारा की गई हिंसा को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।