पामगढ़ थाना क्षेत्र के धाराशिव गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत के पास स्थित एक पेड़ पर युवक और युवती के शव फांसी के फंदे पर लटके हुए मिले। सुबह ग्रामीण जब खेतों की ओर पहुंचे तो उन्होंने दोनों शवों को पेड़ पर लटका देखा। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना पामगढ़ पुलिस को दी गई। घटना की खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू कर दी। इस दर्दनाक घटना से गांव में शोक और दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलने के बाद पामगढ़ थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को फंदे से नीचे उतरवाया और पंचनामा कार्रवाई पूरी की।
शव कब्जे में, जांच शुरू
इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।युवक का शव कई दिन पुराना
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक के शव में सड़न शुरू हो चुकी थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसने कुछ दिन पहले ही आत्महत्या की थी। वहीं युवती के शव की स्थिति को देखकर माना जा रहा है कि उसने हाल ही में फांसी लगाई है। दोनों की मौत अलग-अलग समय पर हुई प्रतीत हो रही है, जिसके चलते पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से जांच रही है।
प्रेम संबंध की चर्चा
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि युवक और युवती के बीच प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की जानकारी मिलने के बाद युवती ने भी उसी पेड़ पर पहुंचकर फांसी लगा ली। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और बिना ठोस साक्ष्यों के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के समय और परिस्थितियों को लेकर अधिक स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। साथ ही मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पामगढ़ पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विवेचना कर रही है। जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों तथा दोनों के बीच संबंध की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।