Tejas Mk-1A Delivery: मार्च 2027 तक बेड़े में शामिल होंगे 18 तेजस फाइटर जेट, HAL ने दी बड़ी अपडेट
Tejas Mk-1A Delivery: HAL के मुताबिक, तेजस Mk-1A फाइटर जेट की पहली खेप मार्च 2027 तक भारतीय वायुसेना को सौंपी जा सकती है। पहली खेप में 16 से 18 विमान शामिल होने की उम्मीद है। इंजन सप्लाई और सर्टिफिकेशन में देरी के कारण प्रोजेक्ट प्रभावित हुआ था।
Tejas Mk-1A Delivery: भारतीय वायुसेना (IAF) की मारक क्षमता जल्द ही और मजबूत होने वाली है। स्वदेशी फाइटर जेट 'तेजस Mk-1A' का इंतजार कर रही वायुसेना के लिए सरकारी विमान निर्माता कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) से राहत भरी खबर आई है। कंपनी ने साफ कर दिया है कि इस उन्नत
लड़ाकू विमान की पहली खेप मार्च 2027 तक वायुसेना को सौंप दी जाएगी। इस पहली खेप में 16 से 18 फाइटर जेट शामिल होंगे।
हार्डवेयर और हथियारों के ट्रायल पूरे, बस कागजी कार्रवाई बाकी
वायु मुख्यालय (Air Headquarters) में हुई एक अहम बैठक के दौरान HAL के चेयरमैन और वायुसेना के शीर्ष अधिकारियों ने इस प्रोजेक्ट की प्रगति पर चर्चा की। बैठक में यह जानकारी दी गई कि विमान के हार्डवेयर और हथियारों के परीक्षण से जुड़ी सभी बड़ी
तकनीकी अड़चनें दूर कर ली गई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, विमान निर्माण का काम अब अपने अंतिम चरण में है। फिलहाल रडार और सॉफ्टवेयर से जुड़ी कुछ मामूली कमियों को दुरुस्त किया जा रहा है, जिसे बहुत जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके तुरंत बाद HAL विमानों की डिलीवरी के लिए जरूरी सर्टिफिकेशन और कागजी प्रक्रिया शुरू कर देगा, ताकि तय समय सीमा के भीतर वायुसेना को ये विमान मिल सकें।
क्यों हुई डिलीवरी में दो साल की देरी?
तेजस Mk-1A की डिलीवरी मूल योजना से करीब दो साल पीछे चल रही है। इसके पीछे मुख्य रूप से दो बड़े कारण रहे:
इंजन की सप्लाई में रुकावट: अमेरिकी कंपनी GE एयरोस्पेस से समय पर इंजन न मिल पाने के कारण विमानों की असेंबलिंग प्रभावित हुई।
सर्टिफिकेशन प्रक्रिया: विभिन्न तकनीकी परीक्षणों और सर्टिफिकेशन में उम्मीद से ज्यादा वक्त लग गया।
हालांकि, अब स्थिति नियंत्रण में है। उम्मीद जताई जा रही है कि मार्च 2027 तक इसका पहला ग्राउंड टेस्ट और साल के अंत तक पहली उड़ान पूरी कर ली जाएगी।
पुराने मिग-21 की जगह लेंगे ये आधुनिक विमान
गौरतलब है कि सितंबर 2025 में सरकार ने HAL को 97 अतिरिक्त 'तेजस Mk-1A' विमानों का बड़ा ऑर्डर दिया था। नए ऑर्डर और तकनीकी अपडेट्स के चलते भी शेड्यूल में थोड़ा बदलाव आया। वायुसेना के बेड़े में शामिल होने के बाद ये स्वदेशी फाइटर जेट पिछले साल रिटायर हो चुके पुराने मिग-21 (MiG-21) विमानों की जगह लेंगे, जिससे देश की हवाई सुरक्षा को एक नया और आधुनिक कवच मिलेगा।