मुरैना जिले में सड़क की जर्जर स्थिति से परेशान एक युवक ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराने का फैसला किया है। विधानसभा अध्यक्ष के विधानसभा क्षेत्र और सांसद शिवमंगल सिंह तोमर के संसदीय क्षेत्र में आने वाले घेर का पूरा-सीतापुर गांव के निवासी नवीन तोमर ने गांव से सांसद के निवास तक दंडवत (लेटकर) यात्रा निकालने का ऐलान किया है।
बारिश से गांव का रास्ता हुआ बदहाल
नवीन तोमर का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण गांव का रास्ता पूरी तरह खराब हो गया है। स्थिति इतनी गंभीर है कि पिछले तीन दिनों से गांव के बच्चे स्कूल तक नहीं पहुंच सके हैं। बच्चों और ग्रामीणों की परेशानी की जानकारी मिलने पर वह अपनी दिल्ली की निजी नौकरी छोड़कर गांव लौट आया। अब वह ग्रामीणों की समस्याओं को सामने लाने के लिए यह अनोखा विरोध प्रदर्शन कर रहा है।
सांसद पर वादा पूरा नहीं करने का आरोप
नवीन तोमर का आरोप है कि चुनाव के दौरान सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने गांव में सड़क निर्माण कराने का वादा किया था, लेकिन अब तक वह पूरा नहीं हुआ। बरसात के दिनों में गांव का संपर्क मुख्य सड़क से लगभग कट जाता है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और अन्य ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।बारिश में भी जारी रहेगी दंडवत यात्रा
नवीन तोमर ने संकल्प लिया है कि वह बारिश के बीच भी अपने गांव से सांसद के निवास तक दंडवत यात्रा करेगा। इस यात्रा के माध्यम से वह सड़क निर्माण की मांग उठाएगा और सांसद को उनका चुनावी वादा याद दिलाएगा। युवक के इस अनोखे विरोध की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द सड़क निर्माण नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।