लाखों छात्र इस समय अंडरग्रेजुएट मेडिकल कोर्स (MBBS/BDS) में एडमिशन का इंतजार कर रहे हैं। NEET UG री-एग्जाम का रिजल्ट 16 जुलाई 2026 को जारी किया गया था। रिजल्ट आने के बाद से ही उम्मीदवार मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) की ओर से जारी होने वाले काउंसलिंग शेड्यूल का इंतजार कर रहे हैं।
माना जा रहा है कि MCC जल्द ही NEET UG Counselling 2026 की तारीखों का ऐलान कर सकती है। इस बीच मेडिकल एडमिशन प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए MCC ने काउंसलिंग सिस्टम में तीन बड़े बदलाव किए हैं। इन बदलावों से लाखों मेडिकल उम्मीदवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।
एडमिशन प्रक्रिया में किए गए बड़े बदलाव
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने मेडिकल काउंसलिंग प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए ऑनलाइन सिस्टम में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव डॉ. विनोद कोटवाल ने 28 जुलाई को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को इन नए बदलावों की जानकारी दी। इन बदलावों को मौजूदा शैक्षणिक सत्र से लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य छात्रों को काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान होने वाली परेशानियों को कम करना और एडमिशन सिस्टम को ज्यादा डिजिटल बनाना है।
बदले गए ये तीन नियम
पहले NEET UG काउंसलिंग में सीट अलॉट होने के बाद अगर कोई छात्र अगले राउंड में सीट अपग्रेड करवाना चाहता था, तो उसे अलॉट किए गए कॉलेज में जाकर फिजिकल रिपोर्टिंग करनी पड़ती थी। अब MCC ने इस नियम में बदलाव कर दिया है। नए सिस्टम के तहत जिन उम्मीदवारों को सीट मिल चुकी है और वे अगले राउंड में अपग्रेड का विकल्प चुनते हैं, उन्हें कॉलेज जाकर रिपोर्ट करने की जरूरत नहीं होगी। छात्रों की अलॉट की गई सीट MCC पोर्टल पर सुरक्षित रहेगी और वे बिना यात्रा किए अगले राउंड की काउंसलिंग प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे। इससे दूर-दराज के छात्रों को काफी सुविधा मिलेगी।प्रक्रिया अब होगी पूरी तरह ऑनलाइन
MCC ने सीट छोड़ने (Seat Resignation) की प्रक्रिया को भी डिजिटल कर दिया है। अब उम्मीदवारों को अपनी अलॉट सीट छोड़ने के लिए मेडिकल कॉलेज जाने की जरूरत नहीं होगी। छात्र MCC काउंसलिंग पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन सीट रिजाइन लेटर जमा कर सकेंगे। हालांकि, यह सुविधा केवल MCC द्वारा तय किए गए नियमों और निर्धारित समय सीमा के अनुसार ही उपलब्ध होगी। पहले सीट छोड़ने के लिए उम्मीदवारों को संबंधित कॉलेज में जाकर प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती थी, जिससे छात्रों को अतिरिक्त समय और परेशानी का सामना करना पड़ता था।
दस्तावेज अब ऑनलाइन जमा होंगे
डीम्ड यूनिवर्सिटी में NRI कोटा के तहत एडमिशन लेने वाले उम्मीदवारों के लिए भी नियमों में बदलाव किया गया है। अब छात्रों को दस्तावेज जमा करने और वेरिफिकेशन के लिए अलग से कॉलेज या संबंधित कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उम्मीदवार अपने जरूरी दस्तावेज MCC काउंसलिंग पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे। इससे NRI कोटा एडमिशन प्रक्रिया ज्यादा आसान और तेज हो जाएगी।
कॉलेजों के लिए MCC के निर्देश
MCC ने नए ऑनलाइन काउंसलिंग सिस्टम को लागू करने के लिए राज्यों और मेडिकल संस्थानों को भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नए सिस्टम को बेहतर तरीके से लागू करने के लिए अधिकारियों और कॉलेज प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मई और जून 2026 में राज्य मेडिकल एजुकेशन डायरेक्टर्स (DMEs) के साथ ट्रेनिंग आयोजित की गई थी। इसके अलावा मेडिकल संस्थानों के लिए 27 जुलाई 2026 को भी विशेष ट्रेनिंग सेशन आयोजित किया गया।
प्रतिनिधियों की भागीदारी जरूरी
MCC ने निर्देश दिया है कि मेडिकल एजुकेशन विभाग के अधिकारी, राज्य काउंसलिंग अथॉरिटी के सदस्य और सरकारी व निजी मेडिकल कॉलेजों के नोडल अधिकारी इन ट्रेनिंग कार्यक्रमों में शामिल हों। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नई काउंसलिंग प्रणाली लागू होने के दौरान छात्रों और संस्थानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
छात्रों को मिलेगी आसानी से
MCC ने सीटों और फीस से जुड़ी जानकारी को भी ज्यादा पारदर्शी बनाने पर जोर दिया है। DGHS के माध्यम से MCC केवल 15% ऑल इंडिया कोटा (AIQ) और 100% डीम्ड व सेंट्रल यूनिवर्सिटी की सीटों के लिए काउंसलिंग आयोजित करता है। वहीं, ज्यादातर मेडिकल सीटें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अधीन आती हैं। ऐसे में छात्रों को सही निर्णय लेने के लिए कॉलेजों में उपलब्ध सीटों की संख्या, फीस और अन्य जरूरी जानकारी आसानी से उपलब्ध कराई जाएगी।
दस्तावेज तैयार रखने की सलाह
NEET UG 2026 काउंसलिंग की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे MCC की आधिकारिक जानकारी पर नजर बनाए रखें। रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग शुरू होने से पहले छात्रों को अपने सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखने चाहिए, ताकि एडमिशन प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर MCC की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले नोटिफिकेशन जरूर चेक करते रहें।