Virat Kohli Viral News: क्या सच में प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाने के लिए विराट कोहली को मिले थे 5 करोड़ रुपए?
Virat Kohli Viral News: सोशल मीडिया पर विराट कोहली को वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाने के लिए 5 करोड़ रुपए मिलने का दावा वायरल हुआ। कोहली के प्रवक्ता ने इसे पूरी तरह झूठा और बेबुनियाद बताते हुए कहा कि विराट अपनी व्यक्तिगत आस्था और श्रद्धा के चलते महाराज जी के दर्शन करते हैं।
Virat Kohli Viral News: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा की अध्यात्म में गहरी रुचि किसी से छिपी नहीं है। दोनों को अक्सर वृंदावन में प्रसिद्ध संत
प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज के दरबार में नतमस्तक होते देखा गया है। हालांकि, हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा दावा वायरल हुआ, जिसने प्रशंसकों और क्रिकेट प्रेमियों को हैरान कर दिया। इंटरनेट पर कुछ पोस्ट्स के जरिए दावा किया जा रहा था कि विराट कोहली को वृंदावन आश्रम जाने और महाराज जी से मुलाकात करने के लिए कथित तौर पर 5 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया था। यह खबर सामने आते ही आग की तरह फैल गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
विराट कोहली की टीम का करारा जवाब
इस तरह की अफवाहों पर विराम लगाते हुए अब विराट कोहली के आधिकारिक प्रवक्ता ने एक कड़ा बयान जारी किया है। प्रवक्ता ने फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा द्वारा लगाए गए इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें पूरी तरह से झूठा, मनगढ़ंत और बेबुनियाद बताया है।
आधिकारिक बयान में कहा गया:
"हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि विराट कोहली के बारे में किए जा रहे ये दावे तथ्यों से परे और पूरी तरह से गलत हैं। विराट कोहली जब भी प्रेमानंद महाराज जी के दर्शन करने जाते हैं, तो वह केवल अपनी व्यक्तिगत आस्था, श्रद्धा और सम्मान के भाव से जाते हैं। हम इन मनगढ़ंत दावों का खंडन करते हैं और मीडिया से अपील करते हैं कि बिना पुष्टि के ऐसी खबरें न चलाएं। किसी भी जानकारी को फैलाने से पहले तथ्यों की निष्पक्ष जांच करना बेहद आवश्यक है।"
श्रद्धा और आस्था का संबंध
विराट और अनुष्का कई मौकों पर प्रेमानंद महाराज जी के सत्संग में शामिल हो चुके हैं। उनके प्रशंसकों का भी मानना है कि खेल के तनावपूर्ण माहौल से दूर शांति और मार्गदर्शन पाने के लिए वे अक्सर वृंदावन का रुख करते हैं। ऐसे में फर्जी दावों को लेकर आई यह स्पष्टता अब तमाम तरह की अटकलों पर पूर्णविराम लगाती है।