छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है, जहां अंडा खाने की इच्छा पूरी नहीं होने से नाराज एक युवक ने ऐसा कदम उठा लिया, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया। युवक गुस्से में गांव में लगे एयरटेल मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और युवक को नीचे उतारने की कोशिश शुरू की गई।
लखनपुर में अंडे की बात पर चढ़ा टावर
यह पूरा मामला सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमगला का है। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी शिव शंकर (पिता शुकुल) को रोजाना अंडा खाने की आदत थी। घटना वाले दिन जब उसे अंडा नहीं मिला तो वह नाराज हो गया और गुस्से में आकर गांव में लगे एयरटेल मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
टावर पर चढ़ने के बाद मचा हड़कंप
युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद यह मामला तेजी से लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। घटना की सूचना मिलने के बाद लखनपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी देर तक युवक से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। काफी मशक्कत और समझाइश के बाद युवक सुरक्षित रूप से टावर से नीचे उतर आया। राहत की बात रही कि इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।परिजनों ने बताई मानसिक परेशानी
परिजनों के अनुसार, शिव शंकर की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती है और वह मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है। पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी जुटाई है और घटना के पीछे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। फिलहाल युवक के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।