मस्तूरी क्षेत्र में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर एक युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रेलवे कैंटीन में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से 1.5 लाख रुपये लिए गए थे। पैसे वापस मांगने पर उसे झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी दी गई, जिसके बाद उसने जहर खाकर अपनी जान दे दी।
मामला थाना मस्तूरी क्षेत्र का है। मस्तूरी एसडीओपी डीआर धृतलहरे के अनुसार, मर्ग क्रमांक 40/26 की जांच के दौरान सामने आया कि हिर्री निवासी राहुल साहू (22) ने रेलवे कैंटीन में नौकरी लगवाने के लिए अपने मामा इंद्र कुमार उर्फ भवानी वैष्णव और मामी अंबिका वैष्णव को 1.5 लाख रुपये दिए थे।
झूठे केस में फंसाने का आरोप
जांच में पुलिस को पता चला कि काफी समय बीतने के बाद भी राहुल की नौकरी नहीं लगी। इसके बाद उसने अपने मामा-मामी से दिए गए रुपये वापस मांगे, लेकिन दोनों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और उसके साथ विवाद करने लगे। आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर राहुल को धमकी दी गई कि अगर वह बार-बार रुपये के लिए दबाव बनाएगा तो उसे 376 के मामले में फंसा दिया जाएगा। इस धमकी और मानसिक दबाव से राहुल काफी परेशान हो गया।आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज
पुलिस के मुताबिक, मानसिक प्रताड़ना के चलते राहुल ने जहर का सेवन कर आत्महत्या कर ली। मामले की जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध पाए जाने पर धारा 108 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल के मामा इंद्र कुमार उर्फ भवानी वैष्णव और मामी अंबिका वैष्णव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।