नई दिल्ली में इकोनॉमिक टाइम्स वर्ल्ड लीडर्स फोरम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सुधार उनकी सरकार के लिए किसी मजबूरी का हिस्सा नहीं, बल्कि एक स्पष्ट प्रतिबद्धता और दृढ़ विश्वास है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के केंद्र में लोगों का हित और देश का दीर्घकालिक विकास है। सरकार केवल पुराने नियमों में बदलाव नहीं कर रही, बल्कि नियम बनाने के तौर-तरीकों और सोच में भी बदलाव ला रही है।
PLI से उद्योग और रोजगार को बढ़ावा
प्रधानमंत्री मोदी ने उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना (PLI) का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके जरिए देश में विनिर्माण को बढ़ावा देने के साथ रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास भारत की उत्पादन क्षमता को मजबूत करने और वैश्विक स्तर पर उसकी प्रतिस्पर्धा बढ़ाने का है।
वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत से उम्मीद
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया में संसाधनों को लेकर तनाव और विभिन्न देशों के बीच बढ़ता अविश्वास नई चुनौतियां पैदा कर रहा है। ऐसे माहौल में भारत को विकास और उम्मीद की एक महत्वपूर्ण किरण के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति बनाए रखेगा।
भारत की जी-20 अध्यक्षता के दौरान दिए गए मंत्र 'एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य' का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया के देशों का भविष्य एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है।
विकास के प्रमुख क्षेत्रों पर सरकार का फोकस
स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से दिए अपने संबोधन का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के विकास को गति देने के लिए सात प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इनमें विनिर्माण, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, तकनीक एवं नवाचार, हरित अर्थव्यवस्था और नीली अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
'12 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने डिजिटल क्षेत्र में भारत की प्रगति और देश में तेजी से हुए 5G विस्तार को भी विकास की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल किया।
पीएम मोदी ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से 50 लाख से ज्यादा परिवार जुड़ चुके हैं। वहीं, पीएम-कुसुम योजना किसानों की बिजली लागत कम करने में मदद कर रही है।
युवा, महिला, किसान और मध्यम वर्ग पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं, महिलाओं, किसानों और मध्यम वर्ग के जीवन को आसान बनाने के साथ देश में कारोबार करने की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत की तेज होती प्रगति न केवल देश के लिए, बल्कि वैश्विक स्थिरता और विकास के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगी।