नारायणपुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। महाराष्ट्र सीमा से लगे अबूझमाड़ क्षेत्र में चलाए गए विशेष सर्च ऑपरेशन में पुलिस और सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री और करोड़ों रुपये की नकदी बरामद की है। इस कार्रवाई को हाल के महीनों में नक्सलियों के खिलाफ सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान जवानों ने 1 करोड़ 1 लाख 64 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह रकम नक्सली संगठन की गतिविधियों, हथियार खरीद और नेटवर्क संचालन में इस्तेमाल की जानी थी। बरामद नकदी को सुरक्षा एजेंसियों ने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
आधुनिक हथियारों का बड़ा जखीरा मिला
सुरक्षा बलों को तलाशी अभियान के दौरान कई अत्याधुनिक हथियार और विस्फोटक सामग्री भी मिली है। बरामद हथियारों में 3 एसएलआर राइफल, 2 .303 राइफल और 3 AK-47 राइफलें शामिल हैं। इसके अलावा भरमार बंदूकें, देसी हथियार, बड़ी मात्रा में बीजीएल रॉकेट, लॉन्चर और इलेक्ट्रॉनिक बम डिवाइस भी जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि विस्फोटकों का उपयोग सुरक्षाबलों पर हमले और बड़े नक्सली ऑपरेशन में किया जा सकता था।
सरेंडर नक्सलियों से मिली थी अहम सूचना
बीजापुर में भी मिला था माओवादियों का बंकर
इससे पहले बीजापुर जिले के डोडीतुमनार जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में भी सुरक्षाबलों को माओवादियों का एक गुप्त बंकर मिला था। पुलिस सहायता केंद्र पीड़िया और थाना गंगालूर की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान के दौरान जमीन के भीतर बने बंकर का पता लगाया था। बम निरोधक दस्ते की जांच के बाद वहां से हथियार बनाने और मरम्मत में इस्तेमाल होने वाली मशीनें, विस्फोटक सामग्री और अन्य उपकरण बरामद किए गए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद सभी सामग्रियों को जब्त कर लिया गया है और मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है। अबूझमाड़ और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों की सतर्कता बढ़ा दी गई है। नक्सल गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगातार सर्चिंग और कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं।
