बड़ी कार्रवाई : कानून हाथ में लेना पड़ा भारी, थाने के सामने मारपीट करने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे
आरंग थाना क्षेत्र में सतनामी समाज के सदस्य बलराम कुर्रे के साथ कथित गौ सेवक गोल्डी शर्मा द्वारा मारपीट और अभद्रता का मामला तूल पकड़ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सतनामी समाज के लोगों ने थाने का घेराव कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। बढ़ते तनाव के बीच भारी पुलिस बल तैनात किया गया। मामले में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के आश्वासन के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गोल्डी शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में सतनामी समाज के युवक बलराम कुर्रे के साथ मारपीट और अभद्रता के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित गौ सेवक गोल्डी शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम गुदगुदा निवासी बलराम कुर्रे, जो सतनामी समाज से जुड़े हैं, के साथ गौ सेवक गोल्डी शर्मा ने सरेआम गाली-गलौज और मारपीट की थी। वायरल वीडियो में आरोपी द्वारा बलराम कुर्रे के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार करते हुए देखा गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि यह पूरी घटना पुलिस थाने के ठीक सामने हुई, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे।
सतनामी समाज में भारी आक्रोश
घटना की जानकारी फैलते ही सतनामी समाज के लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। बड़ी संख्या में समाज के लोग आरंग थाना पहुंच गए और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाने का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने अतिरिक्त बल तैनात कर पूरे थाना परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी मौके पर पहुंचना पड़ा। इस पूरे मामले को लेकर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का भी बयान सामने आया था। उन्होंने कहा था कि सतनामी समाज के एक सदस्य के साथ मारपीट और अभद्रता की घटना गंभीर है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया था कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पुलिस कार्रवाई के बाद माहौल शांत
मंत्री के आश्वासन और लगातार बढ़ते दबाव के बीच पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी गोल्डी शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में तनाव कुछ कम हुआ है, हालांकि सतनामी समाज के लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।