छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में लोगों के बीच डर का माहौल बनाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि वह सनसिटी अटल आवास क्षेत्र में खुलेआम धारदार चाकू लहराकर लोगों को धमका रहा था।
सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसके पास से चाकू बरामद किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवक की पहचान रवि बघेल (23) निवासी सनसिटी अटल आवास, जगदलपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि आरोपी इलाके में चाकू लेकर घूम रहा था और लोगों को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस ने जब्त किया धारदार हथियार
इसकी जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। मामले में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद कर उसे जब्त कर लिया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर जिले में असामाजिक गतिविधियों और अपराधों पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।अपराधियों पर लगातार कार्रवाई जारी
पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।