Badminton News: भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने जापान के कुमामोटो में खेले गए कुमामोतो मास्टर्स जापान ओपन के पुरुष एकल फाइनल में शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया। रोमांचक मुकाबले में लक्ष्य ने जापान के कोकी वातानाबे को तीन गेम तक चले मैच में 13-21, 21-18, 21-14 से हराया।
फाइनल की शुरुआत लक्ष्य के लिए अच्छी नहीं रही। जापानी खिलाड़ी वातानाबे ने पहला गेम 21-13 से जीतकर भारतीय खिलाड़ी पर दबाव बना दिया। हालांकि, लक्ष्य ने हार नहीं मानी और दूसरे गेम में जोरदार वापसी करते हुए 21-18 से जीत हासिल कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया।
निर्णायक गेम में लक्ष्य का दमदार प्रदर्शन
निर्णायक गेम में लक्ष्य ने अपने खेल का स्तर और बेहतर किया। उन्होंने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और एक समय 11-7 से आगे हो गए। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने अपनी बढ़त को मजबूत करते हुए वातानाबे को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। आखिरकार लक्ष्य ने 21-14 से तीसरा गेम जीतकर खिताब पर कब्जा कर लिया। इस जीत के साथ ही लक्ष्य सेन ने लगातार दूसरे बड़े टूर्नामेंट में अपनी सफलता का सिलसिला जारी रखा। इससे पहले उन्होंने जर्मनी में हाइलो ओपन का खिताब जीता था। जापान ओपन में मिली इस जीत से उन्हें 9,200 रैंकिंग अंक भी हासिल हुए।
वर्ल्ड टूर फाइनल्स की राह हुई आसान
जापान ओपन का खिताब लक्ष्य सेन के लिए सिर्फ एक और टूर्नामेंट जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे BWF वर्ल्ड टूर फाइनल्स में जगह बनाने की उनकी उम्मीदों को भी मजबूती मिली है। टूर्नामेंट से पहले लक्ष्य 'रेस टू फाइनल्स' रैंकिंग में 64,980 अंकों के साथ 12वें स्थान पर थे। सीजन के आखिरी इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में जगह बनाने के लिए शीर्ष आठ खिलाड़ियों में शामिल होना जरूरी है। सुपर 500 टूर्नामेंट जीतने पर मिले 9,200 अंकों के बाद लक्ष्य के कुल अंक बढ़कर 74,180 हो जाएंगे। इससे वह रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंच सकते हैं और वर्ल्ड टूर फाइनल्स के लिए उनकी स्थिति काफी मजबूत हो जाएगी।वर्ल्ड टूर फाइनल्स की दौड़ जारी
हालांकि, क्वालीफिकेशन की तस्वीर पूरी तरह साफ होने से पहले हांगकांग ओपन का मुकाबला बाकी है। 17 से 22 नवंबर तक होने वाला यह टूर्नामेंट वर्ल्ड टूर फाइनल्स के लिए आखिरी क्वालीफाइंग इवेंट है। ऐसे में शीर्ष आठ में जगह बनाने की दौड़ अभी जारी रहेगी। फाइनल से पहले लक्ष्य सेन का कोकी वातानाबे के खिलाफ आमने-सामने का रिकॉर्ड 3-2 था। हालांकि, जापानी खिलाड़ी ने दोनों के बीच खेले गए पिछले दो मुकाबलों में जीत दर्ज की थी। इस बार लक्ष्य ने फाइनल में दमदार प्रदर्शन कर उस सिलसिले को तोड़ दिया और जापान में चैंपियन बनकर उभरे।












