Bastanar Ghat Accident: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे-63 पर ट्राला और पिकअप के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ट्राला सड़क पर पलट गया, जिससे चालक वाहन के अंदर फंस गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल चालक को अस्पताल रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही कोड़ेनार थाना प्रभारी विजय पटेल पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों और राहगीरों की मदद से फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्राला जगदलपुर से गीदम की ओर जा रहा था, जबकि पिकअप गीदम की तरफ से जगदलपुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान बास्तानार घाट पर दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर जोरदार थी कि ट्राला सड़क पर पलट गया और चालक अंदर ही फंस गया।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम
नेशनल हाईवे-63 पर दुर्घटना के कारण कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने मौके पर राहत कार्य के साथ यातायात व्यवस्था संभाली। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और रास्ता साफ कराने के बाद एक-एक कर वाहनों की आवाजाही शुरू कराई गई।
गंभीर हालत में अस्पताल रेफर किया गया चालक
कोड़ेनार थाना प्रभारी विजय पटेल ने बताया कि ट्राला के अंदर फंसे चालक को बाहर निकाल लिया गया है। वह गंभीर रूप से घायल है, इसलिए उसे अस्पताल रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद बाधित हुआ मार्ग अब बहाल कर दिया गया है और यातायात सामान्य हो गया है।







