Balod acid attack: जिला मुख्यालय के सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक 22 वर्षीय छात्रा पर हुए खौफनाक एसिड अटैक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के महज कुछ ही घंटों के भीतर मिली इस सफलता ने मामले की पूरी गुत्थी सुलझा दी है। पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में जो तथ्य सामने आए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। वारदात का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि पीड़िता का प्रेमी ही निकला, जिसने इस पूरी वारदात का ताना-बाना बुना था।
दोस्त को भैरमगढ़ से बुलाकर दिलाई वारदात को अंजाम
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि प्रेमी ने छात्रा पर हमला कराने के लिए अपने एक दोस्त को बीजापुर के भैरमगढ़ से बालोद बुलाया था। घटना सोमवार दोपहर की है, जब पीड़िता रोज की तरह लाइब्रेरी से पढ़ाई कर अपने घर लौट रही थी। जैसे ही वह सिंचाई कॉलोनी के पास पहुंची, पहले से घात लगाकर बैठे आरोपी युवक ने उस पर अचानक तेजाब फेंक दिया। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, हमलावर मौके का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गया।
गंभीर हालत में रायपुर रेफर, चेहरे और शरीर झुलसे
तेजाब के हमले से छात्रा का चेहरा और शरीर का ऊपरी हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर के डीकेएस (DKS) अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
बस से भागते वक्त धराया आरोपी, तकनीकी सर्विलांस से मिला सुराग
घटना के बाद पूरे शहर में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीमों ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों (साइबर सेल) का सहारा लिया। जांच के दौरान पुलिस को इनपुट मिला कि वारदात को अंजाम देने के बाद भैरमगढ़ का रहने वाला आरोपी बस से शहर छोड़ने की फिराक में है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रास्ते में ही दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर मुख्य आरोपी प्रेमी को भी हिरासत में ले लिया गया। शुरुआती जांच में हमले के पीछे प्रेम-प्रसंग से जुड़ा विवाद सामने आ रहा है।

