Balod Acid Attack: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सोमवार को एक 22 वर्षीय युवती पर अज्ञात युवक ने एसिड फेंक दिया। युवती लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान सिंचाई कॉलोनी के पास युवक ने अचानक उस पर हमला कर दिया। घटना में युवती का चेहरा और शरीर का ऊपरी हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया। जानकारी के मुताबिक, युवती रोज की तरह सोमवार को भी लाइब्रेरी में पढ़ाई करने गई थी। शाम को वह पढ़ाई पूरी करने के बाद घर लौट रही थी। जैसे ही वह सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र के पास पहुंची, वहां मौजूद एक अज्ञात युवक ने अचानक उस पर एसिड फेंक दिया।
हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी और घायल युवती को तत्काल बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
हालत गंभीर, रायपुर रेफर
एसिड से युवती के चेहरे और शरीर के ऊपरी हिस्से पर गंभीर चोटें आई हैं। बालोद जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रायपुर के डीकेएस सुपरस्पेशलिटी अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम सिंचाई कॉलोनी और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। इससे आरोपी के घटनास्थल तक पहुंचने और वारदात के बाद भागने वाले रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस युवती के परिजनों और परिचितों से भी पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवती को पहले किसी तरह की धमकी या परेशानी तो नहीं थी। फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
