Bee Attack School: जिले के विजयनगर हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ाई के दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के क्लासरूम में घुसते ही बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। घटना में करीब 10 बच्चे घायल हुए हैं। इनमें से दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, बच्चे स्कूल की स्मार्ट क्लास में पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड क्लासरूम में पहुंच गया और बच्चों को काटना शुरू कर दिया।
अचानक हुए हमले से बच्चों में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में कई बच्चे मधुमक्खियों के डंक से घायल हो गए।
सभी घायल बच्चों को अस्पताल ले जाया गया
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने घायल बच्चों को तत्काल सिविल अस्पताल रामानुजगंज पहुंचाया। वहां बच्चों का उपचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दो बच्चों की हालत गंभीर है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
शिक्षा विभाग के अधिकारी पहुंचे स्कूल
घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। स्कूल परिसर में मधुमक्खियों का झुंड अचानक कैसे पहुंचा, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग की ओर से बच्चों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
