CG News: छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश में कार्यरत अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 18 करोड़ 42 लाख रुपए की राशि जारी की है। यह राशि छह माह के मानदेय भुगतान के लिए स्वीकृत की गई है। लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के 25 जिलों में कार्यरत कुल 1535 अतिथि शिक्षकों को इसका लाभ मिलेगा।
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा 18 सितंबर को जारी आदेश में अतिथि शिक्षकों के लिए प्रतिमाह 20 हजार रुपए मानदेय निर्धारित किया गया है। जारी राशि का उपयोग अगले छह महीने तक अतिथि शिक्षकों के भुगतान के लिए किया जाएगा। इससे प्रदेशभर में सेवाएं दे रहे अतिथि शिक्षकों को आर्थिक राहत मिलेगी।
बस्तर संभाग के सात जिलों के लिए जारी हुई राशि
आवंटन में बस्तर संभाग के जिलों को भी शामिल किया गया है। बस्तर जिले के 133 अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान के लिए 1 करोड़ 59 लाख 60 हजार रुपए जारी किए गए हैं। वहीं कांकेर जिले के 126 अतिथि शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 51 लाख 20 हजार रुपए और कोंडागांव जिले के 141 अतिथि शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 69 लाख 20 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान की प्रक्रिया होगी शुरू
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा राशि जारी किए जाने के बाद संबंधित जिलों में अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। विभाग के इस निर्णय से प्रदेश के विभिन्न स्कूलों में सेवाएं दे रहे अतिथि शिक्षकों को समय पर भुगतान मिलने की उम्मीद है।दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर को भी मिला बजट
सरकार ने बस्तर संभाग के अन्य जिलों के लिए भी मानदेय राशि उपलब्ध कराई है। दंतेवाड़ा जिले के 31 अतिथि शिक्षकों के लिए 37 लाख 20 हजार रुपए, सुकमा के 48 अतिथि शिक्षकों के लिए 57 लाख 60 हजार रुपए, बीजापुर के 48 अतिथि शिक्षकों के लिए 57 लाख 60 हजार रुपए और नारायणपुर के 36 अतिथि शिक्षकों के लिए 43 लाख 20 हजार रुपए जारी किए गए हैं।
बलरामपुर में सबसे ज्यादा अतिथि शिक्षकों को मिलेगा लाभ
जिलेवार आंकड़ों के अनुसार बलरामपुर जिले में सबसे अधिक 220 अतिथि शिक्षकों के लिए 2 करोड़ 64 लाख रुपए का आवंटन किया गया है। इसके बाद सूरजपुर जिले के 130 अतिथि शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 56 लाख रुपए और सरगुजा जिले के 71 अतिथि शिक्षकों के लिए 85 लाख 20 हजार रुपए जारी किए गए हैं।

