Chhattisgarh Culture: वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने छत्तीसगढ़ के प्रख्यात बीन एवं बाँस वादक तथा तुलसी सम्मान से सम्मानित लोक कलाकार विक्रम यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि विक्रम यादव जी का निधन छत्तीसगढ़ की लोककला और सांस्कृतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
लोककला और सांस्कृतिक विरासत को दिलाई नई पहचान
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि विक्रम यादव जी ने अपनी विशिष्ट कला, प्रतिभा और साधना से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दी। बीन एवं बाँस वादन की पारंपरिक कला के संरक्षण और संवर्धन में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है। लोककला के प्रति उनका समर्पण और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के उनके प्रयास सदैव स्मरणीय रहेंगे।
शोकाकुल परिवार के प्रति जताई संवेदना
चौधरी ने दिवंगत लोक कलाकार को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके निधन से छत्तीसगढ़ ने लोक संस्कृति के एक समर्पित साधक को खो दिया है। दुःख की इस घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएं शोकसंतप्त परिजनों एवं प्रशंसकों के साथ हैं।
वित्त मंत्री चौधरी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें।






