Child Kidnapping Case: जनकपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपहरण किए गए दो मासूम बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, बच्चों को उत्तर प्रदेश ले जाया गया था, जहां उन्हें बंधुआ मजदूरी के लिए बेचने की साजिश की जा रही थी। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 सितंबर को कुन्दौर निवासी दलबीर बैगा दोनों बच्चों को बहला-फुसलाकर अपने साथ उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर ले गया था। बच्चों के अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने जनकपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और बच्चों की तलाश के लिए टीमों को सक्रिय किया।
पुलिस की घेराबंदी से दबाव में आया सह-आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। पुलिस की लगातार कार्रवाई और बढ़ते दबाव के बाद सह-आरोपी मनराज बैगा दोनों बच्चों को लेकर वापस लौट आया। पुलिस टीम ने छत्तीसगढ़ के चरखर इलाके के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया।BNS की धाराओं में मामला दर्ज, आरोपी भेजा गया जेल
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी मनराज बैगा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पूछताछ और कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी दलबीर बैगा अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए प्रयास जारी हैं।

