धमतरी जिले के ग्राम करेलीबड़ी में दाढ़ी बनाने से जुड़ा मामूली विवाद मारपीट और चाकूबाजी तक पहुंच गया। हमले में सैलून संचालक घायल हो गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 43 वर्षीय आरोपी चम्मन लाल भारती को गिरफ्तार कर लिया है।
हमले से हाथ, घुटने और गाल पर चोटें आईं
अचानक हुए हमले में टुकेश्वर के हाथ, घुटने और गाल पर चोटें आईं। घटना के बाद घायल ने करेलीबड़ी पुलिस चौकी पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
दाढ़ी बनाने पर हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, करेलीबड़ी में टुकेश्वर उर्फ लालू सेन सैलून चलाता है। आरोपी चम्मन लाल भारती का उससे दाढ़ी नहीं बनाने की बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस बढ़ गई और आरोपी गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतर आया। विवाद के दौरान आरोपी ने सब्जी काटने वाले धारदार चाकू से सैलून संचालक पर हमला कर दिया।
पीड़ित और प्रत्यक्षदर्शियों के लिए बयान
जांच के दौरान पीड़ित और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए गए। इसके साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर घायल का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर कृषि मंडी की दीवार के पास छिपाकर रखा गया वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने चाकू जब्त किए
पुलिस ने चाकू को जब्त कर साक्ष्य के रूप में मामले में शामिल किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी चम्मन लाल भारती को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।