Cremation Ground Accident: मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में पेड़ों की छंटाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। पुल दरवाजा स्थित श्मशान घाट में काम कर रहा एक युवक हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी जान चली गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र के बालापुरा निवासी अमजद पेड़ों की कटाई और छंटाई का काम करता था। वह श्मशान घाट में पेड़ों की छंटाई के लिए एक पेड़ पर चढ़ा हुआ था। इसी दौरान पेड़ के पास से गुजर रही 33 केवी बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में अमजद को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
पांच बच्चों को छोड़ गया अमजद, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अमजद अपने पीछे पांच बच्चों को छोड़ गया है। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घर के कमाने वाले सदस्य की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
बताया जा रहा है कि श्मशान घाट समिति की ओर से पेड़ों की कटाई और छंटाई का काम कराया जा रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।






