Durg News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार को शिवनाथ नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। भिलाई-राजनांदगांव बायपास पुल के नीचे नदी में शव बहता हुआ दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
जिला अग्निशमन कार्यालय के मुताबिक, 1 नवंबर रविवार को जिला कंट्रोल रूम के जरिए नदी में शव मिलने की जानकारी मिली थी। इसके बाद SDRF दुर्ग की टीम रेस्क्यू बोट, लाइफ जैकेट और अन्य जरूरी उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
तेज बहाव के बीच SDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान
नदी में पानी का बहाव काफी तेज था, जिसके कारण शव लगातार आगे की ओर बह रहा था। ऐसी स्थिति में SDRF के जवानों ने रेस्क्यू बोट की मदद से नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद टीम ने पिपरछेड़ी-कोटनी क्षेत्र के पास शव को खोज निकाला और सुरक्षित नदी से बाहर निकाला।पुलिस को सौंपा गया शव, पहचान की कोशिश जारी
रेस्क्यू के बाद अज्ञात पुरुष के शव को पुलगांव थाना क्षेत्र की नगपुरा चौकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। अब पुलिस मृतक की पहचान कराने में जुटी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव नदी में कहां से पहुंचा। फिलहाल मृतक की पहचान और घटना से जुड़ी परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस की जांच के बाद ही मामले की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।






