Divorce Case: छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने तलाक से जुड़े एक मामले में अहम फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया है कि पति की आपत्ति के बावजूद पत्नी का किसी दूसरे पुरुष से लगातार संपर्क बनाए रखना और उससे मेल-मिलाप जारी रखना वैवाहिक जीवन में मानसिक क्रूरता माना जा सकता है। इसके लिए यह साबित करना अनिवार्य नहीं है कि दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी थे। लगातार फोन पर बातचीत करना, पति की गैरमौजूदगी में उस व्यक्ति को घर बुलाना और उसके साथ बाहर जाना जैसे व्यवहार भी मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य हो सकते हैं। जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डिवीजन बेंच ने इस आधार पर फैमिली कोर्ट के पुराने फैसले को पलटते हुए पति की तलाक संबंधी अपील स्वीकार कर ली। हाई कोर्ट ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1)(ia) के तहत विवाह विच्छेद की डिक्री जारी की है।
1994 में हुई थी शादी, एक बेटा और दो बेटियां
यह मामला कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी दंपती से जुड़ा है। दोनों का विवाह वर्ष 1994 में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ था। उनके परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं। पति ने आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी का किसी अन्य पुरुष से नजदीकी संबंध है। इस पर आपत्ति जताने के बावजूद पत्नी ने उस व्यक्ति से बातचीत और मुलाकातें जारी रखीं। पति के मुताबिक, इन परिस्थितियों के कारण उनका वैवाहिक जीवन प्रभावित होने लगा था। इन्हीं आरोपों को आधार बनाकर पति ने फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दायर की थी। हालांकि, 23 नवंबर 2019 को फैमिली कोर्ट ने पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने का हवाला देते हुए उसकी याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद पति ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
बेटे और बेटी की गवाही को कोर्ट ने माना अहम
हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की दलीलों के साथ गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की गई। इस दौरान कोर्ट ने पाया कि फैमिली कोर्ट ने मामले के कुछ महत्वपूर्ण पहलुओं पर समुचित विचार नहीं किया था। हाई कोर्ट ने पति के साथ बेटे और बेटी की गवाही को भी अहम माना। दोनों बच्चों ने अपने बयानों में बताया था कि परिवार के अन्य सदस्यों की गैरमौजूदगी में एक व्यक्ति घर आता था और उनकी मां से मुलाकात करता था। सभी तथ्यों और गवाहियों पर विचार करने के बाद हाई कोर्ट ने माना कि वैवाहिक संबंधों में मानसिक क्रूरता साबित करने के लिए हर बार शारीरिक संबंधों का प्रत्यक्ष प्रमाण जरूरी नहीं होता। परिस्थितियों, व्यवहार और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर भी इस पहलू का आकलन किया जा सकता है। इसी निष्कर्ष के साथ कोर्ट ने पति की अपील मंजूर करते हुए तलाक की डिक्री जारी कर दी।











