जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपेला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) की तस्करी की तैयारी कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8.85 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार जब्त की है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 9.94 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोसानगर गांधी नगर क्षेत्र में लाल रंग की कार में सवार दो युवक हेरोइन लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस ने तत्काल टीम गठित की और इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान दोनों युवकों को मौके से पकड़ लिया गया।
दोनों आरोपियों से हेरोइन और कार बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद इम्तियात उर्फ सरफराज (27) निवासी केलाबाड़ी, दुर्ग और मोहम्मद फैजान (27) निवासी तकियापारा, दुर्ग के रूप में हुई है। तलाशी में इम्तियात के पास से 2.65 ग्राम हेरोइन और एक रियलमी मोबाइल फोन बरामद हुआ। वहीं, फैजान के कब्जे से 6.20 ग्राम हेरोइन, एक मोटोरोला मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार (CG 07 CV 3587) जब्त की गई। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अवैध आर्थिक लाभ कमाने के लिए हेरोइन बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी इलाके में ग्राहकों की तलाश कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
सुपेला थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 1018/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।