Elephant News: सूरजपुर जिले में हाथियों की बढ़ती आवाजाही ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। जंगलों से निकलकर हाथियों के दल खेतों में पहुंच रहे हैं और किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। जिले के अलग-अलग वन क्षेत्रों में हाथियों की मौजूदगी से मानव-हाथी संघर्ष का खतरा भी बढ़ गया है। सूरजपुर वन परिक्षेत्र के मोहनपुर जंगल में पिछले 15 दिनों से एक बंडा हाथी विचरण कर रहा था। शुक्रवार रात सोनगरा और बंशीपुर जंगल से 16-17 हाथियों का दल भी यहां पहुंच गया। हालांकि बंडा हाथी अभी इस दल में शामिल नहीं हुआ है। शनिवार को उसका सुंदरपुर बांध में पानी के बीच अठखेलियां करते वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। हाथियों की मौजूदगी का असर आसपास के गांवों में दिखने लगा है। मोहनपुर, हरिपुर, सुंदरगंज, पाठकपुर और चंदरपुर में हाथियों ने गन्ना, धान, आलू और मटर की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। इससे किसानों की मेहनत और आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।
लटोरी-कल्याणपुर में फिर बढ़ी चिंता
कबरा कान हाथी के हमलों से पहले ही दहशत में रह रहे लटोरी-कल्याणपुर के ग्रामीणों की चिंता अब दोबारा बढ़ गई है। रामगढ़ की ओर हाथी के जाने से लोगों ने राहत महसूस की थी, लेकिन मोहनपुर जंगल में नए दल की मौजूदगी ने खतरा बढ़ा दिया है। ग्रामीण शाम होने के बाद जंगल और खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं।
बिहारपुर में 11 हाथियों का दल
सक्रिय चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में भी करीब दो महीने से हाथियों का दल विचरण कर रहा है। पहले इस दल में 12 हाथी थे, लेकिन एक सप्ताह पहले गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान के जंगल में एक शावक का शव मिलने के बाद अब 11 हाथी बचे हैं। फिलहाल दल छतरंग के आसपास के जंगलों में बताया जा रहा है। यहां भी हाथियों ने धान समेत दूसरी फसलों को नुकसान पहुंचाया है।मुनादी से आगे सुरक्षा इंतजाम की जरूरत
वन विभाग प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने और हाथियों से दूरी बनाए रखने की सलाह दे रहा है। हालांकि लगातार बढ़ती घटनाओं के बीच ग्रामीणों को बेहतर निगरानी, हाथियों की लोकेशन की समय पर जानकारी और सुरक्षा के ठोस इंतजाम का इंतजार है। किसानों के सामने अब फसल बचाने के साथ अपनी जान सुरक्षित रखने की भी चुनौती है।











