EWS Admission: शिक्षा निदेशालय (DoE) ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), वंचित समूह (DG) और विशेष जरूरतों वाले बच्चों (CWSN) के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के एडमिशन का फाइनल लॉटरी रिजल्ट जारी कर दिया है। अभिभावक अब शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट edudel.nic.in पर जाकर फाइनल ड्रॉ लिस्ट चेक कर सकते हैं। यह ड्रॉ दिल्ली के निजी गैर-सहायता प्राप्त स्कूलों में एंट्री लेवल कक्षाओं नर्सरी, प्री-प्राइमरी, KG और कक्षा 1 में दाखिले के लिए निकाला गया है। ये एडमिशन शिक्षा का अधिकार (RTE) नियमों के तहत EWS, DG और CWSN कैटेगरी के बच्चों के लिए किए जा रहे हैं।
हजारों बच्चों को मिला स्कूल में प्रवेश का मौका
दिल्ली शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी फाइनल ड्रॉ लिस्ट में बच्चों का रजिस्ट्रेशन नंबर, नाम, स्कूल ID और आवंटित स्कूल का विवरण शामिल है।
जारी आंकड़ों के अनुसार:
नर्सरी कक्षा: EWS और DG कैटेगरी के 1,306 बच्चों को स्कूल आवंटित किए गए हैं, जबकि CWSN कैटेगरी में 3 बच्चों का चयन हुआ है।
KG कक्षा: EWS और DG कैटेगरी के 586 बच्चों को स्कूल मिला है, वहीं CWSN कैटेगरी में 1 बच्चे का चयन किया गया है।
कक्षा 1: EWS और DG कैटेगरी के 2,233 बच्चों के नाम फाइनल ड्रॉ में शामिल हैं, जबकि CWSN कैटेगरी के 15 बच्चों का चयन हुआ है।
अभिभावकों को करने होंगे जरूरी काम
फाइनल ड्रॉ में जिन बच्चों का नाम आया है, उनके माता-पिता को अब एडमिशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। शिक्षा निदेशालय ने दस्तावेजों से जुड़ी गाइडलाइन भी जारी की है। अभिभावकों को तय समय सीमा के अंदर जरूरी दस्तावेजों के साथ संबंधित स्कूल या जोनल टीम से संपर्क करना होगा। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की जानकारी रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर SMS के माध्यम से भी भेजी जाएगी।
ऐसे चेक करें EWS एडमिशन रिजल्ट
- सबसे पहले दिल्ली शिक्षा विभाग की वेबसाइट edudel.nic.in पर जाएं।
- होमपेज पर EWS/DG Admission Section खोलें।
- 2026 Lottery Result या School Allotment Link पर क्लिक करें।
- फाइनल ड्रॉ लिस्ट की PDF स्क्रीन पर दिखाई देगी।
- नर्सरी, KG या कक्षा 1 के अनुसार संबंधित PDF डाउनलोड करें।
- उसमें बच्चे का नाम और स्कूल अलॉटमेंट की जानकारी देखें।
- भविष्य के लिए PDF को सुरक्षित रख लें।
शिक्षा विभाग ने अभिभावकों को सलाह दी है कि वे अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर को एक्टिव रखें, क्योंकि एडमिशन और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी SMS के जरिए भेजी जाएगी।

