Farmers Protest: तूफान से फसलों को हुए भारी नुकसान के बाद किसानों की समस्याओं को लेकर किसान संघर्ष समिति ने आंदोलन शुरू कर दिया है। किसानों की कर्ज माफी और पर्याप्त फसल बीमा दिलाने की मांग को लेकर चंडी मंदिर प्रांगण, बोडरीदादर से सांकेतिक 'जागो-जगाओ पदयात्रा' निकाली गई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अंकित बागबाहरा ने बताया कि इस पदयात्रा का उद्देश्य किसानों की परेशानियों को सरकार तक पहुंचाना और भाजपा की साय सरकार को किसानों के प्रति अपनी जिम्मेदारी याद दिलाना है।
कर्ज माफी और पर्याप्त फसल बीमा प्रमुख मांग
अंकित बागबाहरा के मुताबिक, तूफान के कारण किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। ऐसे में प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए कर्ज माफी और पर्याप्त फसल बीमा उपलब्ध कराने की मांग उठाई जा रही है। किसान संघर्ष समिति का कहना है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता और नुकसान की उचित भरपाई मिलनी चाहिए।
सरकार पर किसानों से वादाखिलाफी का आरोप
अंकित बागबाहरा ने भाजपा सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार लगातार किसानों को छलने का काम कर रही है। किसानों को 13 हजार रुपए देकर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा सकता। उन्होंने इसे किसानों के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि फसल नुकसान की वास्तविक भरपाई और कर्ज से राहत मिलना जरूरी है।
आंदोलन में इन नेताओं ने रखी अपनी बात
पदयात्रा के दौरान आयोजित सभा में अंकित बागबाहरा, सुरेश चंद्राकर, जितेंद्र क्षत्री, नोहर चक्रधारी, नोहर लहरे और अशोक नाग सहित अन्य वक्ताओं ने किसानों की मांगों को लेकर अपनी बात रखी। इस दौरान किसान हितों की रक्षा के लिए आंदोलन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता हुए शामिल
पदयात्रा की शुरुआत में ब्लॉक अध्यक्ष खेमराज सिन्हा, सुंदर साहू, किंग कुमार, डिगन साहू, बरसाती लाल साहू, नोहर दास लहरे, मोहर सिंह चक्रधारी, खेमराज पांडे, रविशंकर चंद्राकर, अशोक नाग, रामानंद, धनेश्वर, घासीराम चक्रधारी, बृजलाल साहू, कृष्णा साहू, दीनूराम साहू, सनालाल, डमरू सिंह ठाकुर, जगमोहन यादव, रामधन, गपेश राम, सेवाराम, संजय चंद्राकर, सुखराम कुर्रे, धनऊ गाड़ा, योगेंद्र, मनराखन, भूखन लाल, रामेश्वर, मोहित, टीकम पटेल, सूरज्जीत, मोहन निराला, रामधन पटेल, खगेश्वर, हेमू, चीनी राम, जितेंद्र चंद्राकर, गोवर्धन साहू, पंचूराम, सुरेश चंद्राकर, जितेन छतरी, इंद्र कुमार चौहान, कोमल प्रसाद साहू, बोधी राम, विक्की चंद्राकर और मोहन साहू प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
इन गांवों से होकर गुजरेगी पदयात्रा
आयोजकों के अनुसार, पहले दिन पदयात्रा बोडरीदादर से शुरू होकर मुनगासेर, नरतोरी, तुपकबोरा और गांजर होते हुए आगे बढ़ी। इसके बाद अगले दिन टेढ़ीनारा, भदरसी और बिहाझर से होते हुए यात्रा बागबाहरा मुख्य मार्ग पहुंचेगी।
किसानों के समर्थन में सौंपा जाएगा ज्ञापन
पदयात्रा के समापन पर किसानों की कर्ज माफी, फसल नुकसान की भरपाई और पर्याप्त फसल बीमा सहित अन्य मांगों को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। किसान संघर्ष समिति ने इस आंदोलन के माध्यम से सरकार का ध्यान प्रभावित किसानों की आर्थिक स्थिति और उनकी समस्याओं की ओर आकर्षित करने की बात कही है।
तारेश साहू/ इन्द्रकुमार चौहान












