Chhattisgarh Farmers: राष्ट्रीय किसान संघर्ष दिवस और संविधान दिवस के मौके पर भारतीय किसान यूनियन छत्तीसगढ़ एवं संयुक्त किसान मोर्चा ने किसानों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाई है। संगठन के पदाधिकारियों ने 26 नवंबर को महासमुंद कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के नाम 7 सूत्रीय मांगों सहित ज्ञापन सौंपा है। भारतीय किसान यूनियन छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष कृष्ण चंद्राकर के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में रोशन चंद्राकर, महेंद्र बंजारे, पंकज मनी चंद्राकर सहित अन्य किसान शामिल रहे। जिला पंचायत सदस्य जागेश्वर जुगनू चंद्राकर भी इस दौरान मौजूद थे। ज्ञापन के माध्यम से किसान संगठनों ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी, किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी, प्राकृतिक आपदाओं से फसल को हुए नुकसान का मुआवजा और किसानों के भूमि अधिकारों की सुरक्षा जैसे मुद्दे उठाए।
भारतीय किसान यूनियन छत्तीसगढ़ की प्रमुख मांगें
किसान नेताओं का कहना है कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही प्राकृतिक आपदाओं, फसल के उचित दाम नहीं मिलने और कर्ज के बढ़ते बोझ ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। फसल बीमा योजना के तहत भी किसानों को उचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान केवल घोषणाओं से नहीं होगा। इसके लिए सरकार को ठोस फैसले लेने के साथ प्रभावित किसानों तक समय पर आर्थिक सहायता पहुंचानी होगी।
धान का समर्थन मूल्य 3,358 रुपए करने की मांग
भारतीय किसान यूनियन छत्तीसगढ़ ने खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए धान का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 3,358 रुपए प्रति क्विंटल करने की मांग की है। इसके अलावा चक्रवाती तूफान अरनब और असमय बारिश से प्रभावित किसानों की संपूर्ण कृषि कर्जमाफी तथा 65,100 रुपए प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग रखी गई। संगठन ने फसल बीमा योजना की खामियों को दूर करने, बीमा कंपनियों की कार्यप्रणाली की जांच कराने और अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई करने की भी मांग की।संयुक्त किसान मोर्चा ने उठाईं सात प्रमुख मांगें
ज्ञापन में संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से भी सात प्रमुख मांगें शामिल की गई हैं। इनमें कृषि क्षेत्र से जुड़े नीतिगत बदलावों के साथ किसानों, मजदूरों और ग्रामीण परिवारों की आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा का मुद्दा उठाया गया है।
1. मुक्त व्यापार समझौते रद्द करने की मांग: भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते सहित सभी मौजूदा मुक्त व्यापार समझौतों को रद्द करने की मांग की गई है।
2. MSP की कानूनी गारंटी: स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के अनुरूप C2 लागत पर 50 प्रतिशत लाभ जोड़कर न्यूनतम समर्थन मूल्य तय करने और सभी फसलों की सरकारी खरीद सुनिश्चित करने की मांग रखी गई है।
3. किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी: किसानों का पूरा कर्ज माफ करने के साथ ग्रामीण कर्ज का बोझ समाप्त करने की मांग की गई। संगठन ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को समाप्त कर सार्वजनिक क्षेत्र में फसल एवं पशुधन बीमा निगम बनाने का प्रस्ताव भी रखा। इसके अलावा शहीद किसानों के परिवारों को 25 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की गई।
4. विभिन्न विधेयकों को वापस लेने की मांग: बिजली निजीकरण विधेयक 2025, बीज विधेयक 2025, NCDC Act 2026, MMDR Act 2026 और NFSA संशोधन विधेयक को वापस लेने की मांग की गई है। साथ ही सार्वजनिक क्षेत्र के निजीकरण पर रोक और प्रीपेड स्मार्ट मीटर योजना बंद करने की बात कही गई।
5. जमीन और भूमि अधिकारों की सुरक्षा: किसानों की जमीन का जबरन अधिग्रहण और कॉरपोरेट समर्थित लैंड पूलिंग बंद करने की मांग की गई। संगठन ने LARR अधिनियम 2013, वन अधिकार कानून 2006 और PESA 1996 के तहत किसानों एवं आदिवासियों के अधिकार सुरक्षित रखने तथा अधिग्रहित लेकिन अनुपयोगी जमीन वापस करने की मांग उठाई।
6. श्रमिकों के लिए न्यूनतम वेतन: चारों श्रम संहिताओं को रद्द करने और सभी श्रमिकों के लिए कम से कम 42 हजार रुपये मासिक वेतन सुनिश्चित करने की मांग की गई।
7. मनरेगा और सामाजिक सुरक्षा: मनरेगा को बहाल कर साल में 200 दिन काम और 700 रुपए प्रतिदिन मजदूरी की गारंटी देने की मांग की गई। इसके अलावा 60 वर्ष से अधिक उम्र के किसानों और कृषि मजदूरों को 21 हजार रुपए मासिक पेंशन तथा ग्रामीण परिवारों को मुफ्त सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।
आश्वासन नहीं, ठोस राहत चाहिए
किसान नेताओं ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी मांग केवल फसल का उचित मूल्य पाने तक सीमित नहीं है। खेती से होने वाली आमदनी के जरिए उन्हें अपने परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य की जरूरतें भी पूरी करनी होती हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से फसल खराब होने के बाद किसानों को मुआवजे और बीमा राशि के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। ऐसे में सरकार को ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए, जिससे प्रभावित किसानों को बिना अनावश्यक देरी के राहत मिल सके।
किसानों ने मांगें पूरी करने के लिए जारी रखने की बात कही संघर्ष
किसान संगठनों ने ज्ञापन में शामिल मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द निर्णय लेने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य, कर्ज से राहत और प्राकृतिक आपदा के समय पर्याप्त मुआवजा मिलना उनका अधिकार है। इन मुद्दों को लेकर संगठन ने आगे भी संघर्ष जारी रखने की बात कही।












