Food Inflation: देश में महंगाई का असर अब आम परिवारों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है, पिछले कुछ महीनों में खाने-पीने की वस्तुओं से लेकर रोजमर्रा के इस्तेमाल वाले सामान तक की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। दूध कंपनियों ने भी लागत बढ़ने का हवाला देते हुए दूध के दाम बढ़ा दिए हैं। चावल, दाल, सब्जियां, फल, खाद्य तेल, मसाले और अन्य जरूरी सामान महंगे होने से घरेलू बजट पर दबाव बढ़ गया है।
महंगाई के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 फीसदी हो गई। यह भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की निर्धारित 6 फीसदी की ऊपरी सीमा से भी अधिक है। नई बेस सीरीज के तहत पहली बार महंगाई इस स्तर तक पहुंची है।
प्याज, लहसुन और अदरक ने बढ़ाई रसोई की चिंता
रसोई में रोजाना इस्तेमाल होने वाली सब्जियों और मसालों की कीमतों में भी काफी उछाल आया है। अक्टूबर में प्याज के दाम सालाना आधार पर 116 फीसदी बढ़ गए, जबकि लहसुन 60 फीसदी और अदरक 48 फीसदी महंगा हुआ। दालों की कीमतों में भी राहत नहीं मिली। अरहर दाल के दाम में 15 फीसदी, उड़द में 11.6 फीसदी और चने की कीमत में 7.4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
खाद्य तेल और मसालों की कीमतों में भी उछाल
खाद्य तेल की बढ़ती कीमतों ने घरेलू खर्च को और बढ़ा दिया है। अक्टूबर में रिफाइंड तेल के दाम में 16 फीसदी, मूंगफली तेल में 16.5 फीसदी और सरसों के तेल में 9.8 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। मसालों की बात करें तो लाल मिर्च 23 फीसदी और धनिया 22 फीसदी महंगा हुआ, जबकि हल्दी की कीमत में 8 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।महंगाई से निपटने के लिए खर्चों में कटौती कर रहे परिवार
लोकल सर्कल्स के एक सर्वे में सामने आया है कि 61 फीसदी उपभोक्ता पिछले 12 महीनों की तुलना में अब घरेलू जरूरतों के सामान पर हर महीने 20 फीसदी से अधिक खर्च कर रहे हैं। सर्वे के मुताबिक, महंगाई के दबाव में 74 फीसदी लोग अपने गैर-जरूरी खर्चों में कटौती कर रहे हैं।
थोक महंगाई दर भी बढ़कर 12.29 फीसदी हुई
खुदरा महंगाई के साथ थोक बाजार में भी कीमतों का दबाव बढ़ा है। अक्टूबर 2026 में थोक महंगाई दर सालाना आधार पर बढ़कर 12.29 फीसदी पहुंच गई, जबकि सितंबर में यह 11.39 फीसदी थी। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, थोक महंगाई में इस बढ़ोतरी की प्रमुख वजह ईंधन और बिजली की कीमतों में आई तेजी रही।ईंधन और बिजली की कीमतों ने बढ़ाया दबाव
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में प्राथमिक वस्तुओं की थोक महंगाई दर 9.24 फीसदी रही। वहीं, ईंधन और बिजली की श्रेणी में यह 32.84 फीसदी दर्ज की गई। विनिर्मित वस्तुओं की थोक महंगाई दर 9.54 फीसदी रही। इससे पहले सितंबर में प्राथमिक वस्तुओं की महंगाई दर 8.67 फीसदी और ईंधन एवं बिजली की दर 25.85 फीसदी थी। वहीं, विनिर्मित वस्तुओं की महंगाई दर 9.76 फीसदी रही थी।












