Gang Rape Case: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना 5 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनमें एक नाबालिग के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है। जानकारी के अनुसार, लुंड्रा में 5 अक्टूबर की रात आर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम देखने के लिए दो नाबालिग छात्राएं पैदल जा रही थीं। रास्ते में बाइक और स्कूटी से पहुंचे चार युवकों ने दोनों को कार्यक्रम स्थल तक छोड़ने की बात कही।
छात्राओं ने युवकों की बात पर भरोसा किया और दोनों अलग-अलग दोपहिया वाहनों पर बैठ गईं। आरोप है कि एक छात्रा को बाइक सवार युवक कार्यक्रम स्थल के पास छोड़कर चला गया, जबकि दूसरी छात्रा को स्कूटी सवार युवक किसी दूसरी जगह ले गया।
सुनसान जगह पर साथियों को बुलाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक नाबालिग को सुनसान स्थान पर ले गया और वहां अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद चारों ने नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजन शिकायत लेकर लुंड्रा थाने पहुंचे।पुलिस ने चारों आरोपियों को पकड़ा
शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी फरार था। उसे भी कुछ समय बाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। सरगुजा एसपी राजेश अग्रवाल ने घटना की पुष्टि की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
