Ganja Smuggling: अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश के बाद पुलिस द्वारा गांजा की तस्करी, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ आरोपियों की आर्थिक गतिविधियों की जांच भी की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना कोमाखान पुलिस ने एनएच-353 स्थित ग्राम टेमरी जांच नाका में वाहन चेकिंग के दौरान गांजा तस्करी का मामला पकड़ा।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो मोटरसाइकिलों में चार महिला-पुरुष और एक अन्य व्यक्ति ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। कुछ देर बाद सामने से आती दो संदिग्ध मोटरसाइकिलों को रोककर सवार लोगों से पूछताछ की गई। पहली मोटरसाइकिल पैशन प्लस में बजरंग यादव और उसकी पत्नी जीवन्ती महंत सवार थे। वहीं दूसरी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल में राजेश्वर सारथी के साथ एक विधि से संघर्षरत बालक मौजूद था।
तलाशी में 27.260 किलो गांजा बरामद
संदिग्धों के हाव-भाव और गतिविधियों पर संदेह होने के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों और सवारों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कुल 27.260 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 13 लाख 63 हजार रुपए है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा बालीगुड़ा, ओडिशा से धरमजयगढ़, छत्तीसगढ़ ले जाने की बात बताई। मामले में पुलिस ने थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 144/2026 के तहत धारा 20(B)(II)(C), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में शामिल विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
- बजरंग यादव, पिता केषबो यादव, उम्र 27 वर्ष, निवासी रैरूमाखुर्द, थाना धरमजयगढ़, जिला रायगढ़।
- जीवन्ती महंत, पति बजरंग यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी रैरूमाखुर्द, थाना धरमजयगढ़, जिला रायगढ़।
- राजेश्वर सारथी, पिता बुधराम, उम्र 25 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 06, जेलपारा, धरमजयगढ़, जिला रायगढ़।
करीब 14.88 लाख रुपए की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा दो मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं।
- 27.260 किलो गांजा — ₹13,63,000
- 2 मोबाइल फोन — ₹10,000
- 2 मोटरसाइकिल — ₹1,15,000
इस तरह पुलिस द्वारा जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत करीब ₹14 लाख 88 हजार बताई गई है। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चेकिंग और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

