Hero Xpulse 450: एडवेंचर बाइक पसंद करने वालों के लिए हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी नई Xpulse 450 पेश की है। इटली में आयोजित EICMA 2026 शो में प्रदर्शित इस बाइक ने अपने आधुनिक फीचर्स और दमदार इंजन के चलते लोगों का ध्यान खींचा है। खास बात यह है कि इसमें Android Auto और Apple CarPlay जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं, जो आमतौर पर कारों में देखने को मिलते हैं। लंबी दूरी की यात्रा से लेकर चुनौतीपूर्ण ऑफ-रोड रास्तों तक के लिए तैयार की गई यह बाइक प्रीमियम एडवेंचर सेगमेंट में अपनी जगह बनाने की तैयारी में है। आइए जानते हैं 450 में क्या कुछ खास मिलने वाला है।
स्क्रीन में Android Auto और Apple CarPlay
Xpulse 450 का सबसे आकर्षक फीचर इसका 7-इंच का लैंडस्केप TFT Display है। कंपनी ने इसमें Android Auto और Apple CarPlay का इंटीग्रेशन दिया है। इसकी मदद से राइडर अपने स्मार्टफोन को बाइक की स्क्रीन से कनेक्ट कर सकेंगे। इस फीचर के जरिए नेविगेशन, कॉल और म्यूजिक जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल आसानी से किया जा सकेगा। इसके अलावा बाइक में रेन, रोड, ट्रेल और ऑफ-रोड समेत चार राइडिंग मोड दिए गए हैं। जरूरत के मुताबिक ट्रैक्शन कंट्रोल और ABS की सेटिंग्स भी बदली जा सकती हैं।
421cc इंजन देगा 46.7 bhp की पावर
परफॉर्मेंस के लिहाज से भी Xpulse 450 को काफी दमदार बनाया गया है। इसमें नया 421cc, 4-वॉल्व, Liquid cooled single cylinder engine दिया गया है। यह इंजन 9,100 rpm पर 46.7 bhp की अधिकतम पावर और 7,500 rpm पर 38 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है। गियर शिफ्टिंग को बेहतर बनाने के लिए इसमें असिस्ट और स्लिपर क्लच भी दिया गया है।ऑफ-रोडिंग के लिए खास सस्पेंशन और व्हील सेटअप
खराब रास्तों पर बेहतर प्रदर्शन के लिए बाइक में 43mm KYB अपसाइड-डाउन फ्रंट फोर्क दिया गया है, जो 225mm का सस्पेंशन ट्रैवल प्रदान करता है। वहीं, 230mm का ग्राउंड क्लीयरेंस इसे ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर चलाने में मदद करेगा। व्हील सेटअप की बात करें तो इसमें आगे 21-इंच और पीछे 17-इंच के ट्यूबलेस स्पोक व्हील मिलते हैं। डिजाइन के मामले में भी बाइक काफी आकर्षक नजर आती है। इसका रैली-स्टाइल फ्रंट लुक, ट्यूबलर प्रोटेक्शन बार, इंजन बैश प्लेट और बड़ा फ्यूल टैंक इसे दमदार एडवेंचर बाइक की पहचान देते हैं।
2027 की शुरुआत में हो सकती है लॉन्च
Xpulse 450 को फिलहाल प्रोडक्शन-रेडी प्रोटोटाइप के रूप में प्रदर्शित किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी इसे 2027 की शुरुआत में भारतीय बाजार में लॉन्च कर सकती है। हालांकि, इसकी आधिकारिक लॉन्च डेट और कीमत को लेकर अभी जानकारी सामने नहीं आई है। बाजार में आने के बाद इसका मुकाबला Royal Enfield Himalayan 450, KTM 390 Adventure और Norton Atlas जैसी एडवेंचर मोटरसाइकिलों से हो सकता है। दमदार इंजन, एडवांस्ड कनेक्टिविटी और ऑफ-रोडिंग क्षमता के साथ Xpulse 450 इस सेगमेंट में मुकाबले को दिलचस्प बना सकती है।







