ICC Womens Champions Trophy: महिला क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफी का पहला संस्करण वर्ष 2027 में भारत में खेला जाएगा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने टूर्नामेंट की मेजबानी भारत को सौंपने का फैसला किया है। प्रतियोगिता 14 से 28 फरवरी 2027 तक आयोजित होगी। छह टीमों वाली इस चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले मुंबई के ब्रेबोन स्टेडियम और वडोदरा के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। खास बात यह है कि महिला क्रिकेट में इससे पहले आईसीसी स्तर पर वनडे विश्व कप और टी20 विश्व कप जैसे दो प्रमुख टूर्नामेंट ही आयोजित होते रहे हैं। ऐसे में महिला चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत को एक नई पहल के तौर पर देखा जा रहा है।
श्रीलंका की जगह भारत को मिली मेजबानी
महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 की मेजबानी पहले श्रीलंका को दी गई थी। हालांकि, वहां क्रिकेट प्रशासन में सुधार की प्रक्रिया अभी जारी है। इसी के चलते आईसीसी ने टूर्नामेंट को श्रीलंका से स्थानांतरित करने का निर्णय लिया। मेजबानी के लिए भारत के अलावा बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के नाम पर भी विचार किया गया था। कई पहलुओं की समीक्षा के बाद आईसीसी ने भारत को आयोजन की जिम्मेदारी सौंप दी।आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने टूर्नामेंट को महिला क्रिकेट के लिए नई शुरुआत बताया। उनके मुताबिक, चैंपियंस ट्रॉफी के जरिए दुनिया की शीर्ष महिला टीमें एक बड़े मंच पर प्रतिस्पर्धा करेंगी। इससे खिलाड़ियों को अपनी रैंकिंग बेहतर करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि हर साल आईसीसी का एक बड़ा महिला टूर्नामेंट होने से महिला क्रिकेट को निरंतर गति देने, खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और दुनिया भर के प्रशंसकों के बीच इसकी पहुंच बढ़ाने में मदद मिल सकती है।छह टीमें लेंगी हिस्सा, सीधे फाइनल में पहुंचेगी टॉप-2 टीम
महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 का आयोजन टी20 फॉर्मेट में किया जाएगा। मेजबान भारत के साथ ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका की टीमें टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के ग्रुप चरण में सभी छह टीमें एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलेंगी। इसके बाद अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच सीधे फाइनल मुकाबला होगा। इस प्रारूप में सेमीफाइनल के लिए अलग से मैच नहीं खेले जाएंगे। करीब 15 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 16 मुकाबले खेले जाएंगे। महिला चैंपियंस ट्रॉफी का फॉर्मेट पुरुषों की चैंपियंस ट्रॉफी से अलग होगा, क्योंकि पुरुषों की चैंपियंस ट्रॉफी वनडे फॉर्मेट में आयोजित की जाती है।

