India vs New Zealand T20 Series: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय T20I टीम के साथ भारत ए टीम का ऐलान कर दिया है। पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम चुनी गई है, जिसकी कप्तानी श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है। तिलक वर्मा टीम के उप-कप्तान होंगे। वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा बाद में की जाएगी।
टी20 टीम में सबसे ज्यादा चर्चा अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की वापसी को लेकर है। वहीं, जसप्रीत बुमराह को इस दौरे की टी20 सीरीज के लिए आराम दिया गया है। चोट से उबरने के बाद वरुण चक्रवर्ती की भी टीम में वापसी हुई है, जबकि रवि बिश्नोई अपनी जगह बचाने में कामयाब नहीं रहे।
लंबे समय बाद टीम इंडिया में लौटे भुवनेश्वर कुमार
36 वर्षीय भुवनेश्वर कुमार ने लगातार दो आईपीएल सीजन में प्रभावी प्रदर्शन किया था। इसके बाद उनकी भारतीय टीम में वापसी की मांग लगातार उठ रही थी। चयनकर्ताओं ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए उन्हें मौका देकर एक बार फिर राष्ट्रीय टीम में शामिल किया है। भुवनेश्वर ने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मुकाबला साल 2022 में न्यूजीलैंड के नेपियर में खेला था। उनके नाम 87 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 90 विकेट दर्ज हैं। नई गेंद के साथ स्विंग कराने की उनकी क्षमता और लंबे अनुभव को देखते हुए न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में उनका चयन अहम माना जा रहा है।
ऐसी है भारत की T20I टीम
न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतिश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव को जगह मिली है।22 अक्टूबर से शुरू होगी टी20 सीरीज
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत 22 अक्टूबर से होगी। सीरीज का पहला और दूसरा मुकाबला क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। इसके बाद तीसरा मैच वेलिंगटन, जबकि चौथा और पांचवां मुकाबला क्रमशः ऑकलैंड और हैमिल्टन में होगा।
भारत-न्यूजीलैंड T20I सीरीज का कार्यक्रम:
- 22 अक्टूबर 2026: पहला टी20, क्राइस्टचर्च
- 24 अक्टूबर 2026: दूसरा टी20, क्राइस्टचर्च
- 27 अक्टूबर 2026: तीसरा टी20, वेलिंगटन
- 30 अक्टूबर 2026: चौथा टी20, ऑकलैंड
- 1 नवंबर 2026: पांचवां टी20, हैमिल्टन
भारत ए टीम की भी घोषणा
BCCI ने इसी दौरे के लिए भारत ए टीम का भी ऐलान किया है। भारत ए की टीम न्यूजीलैंड में तीन चार दिवसीय मुकाबले खेलेगी। विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरैल को टीम की कप्तानी दी गई है। ऋषभ पंत को फिटनेस के आधार पर टीम में शामिल किया गया है। यानी उनके दौरे का हिस्सा बनने का फैसला उनकी फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर करेगा। भारत ए टीम में यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, आर समरन, ऋषभ पंत*, ध्रुव जुरैल (कप्तान), वॉशिंगटन सुंदर, आकिब नबी, आकाशदीप, अंशुल कंबोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी, साई सुदर्शन, यश राठौड़ और मुकेश कुमार को चुना गया है।भारत ए के मैचों का कार्यक्रम
भारत ए न्यूजीलैंड दौरे पर अपना पहला चार दिवसीय मुकाबला 24 अक्टूबर से लिंकन में खेलेगी। इसके बाद दूसरा मैच क्राइस्टचर्च और तीसरा मुकाबला फिर से लिंकन में होगा।
- 24-27 अक्टूबर 2026: पहला चार दिवसीय मैच, लिंकन
- 31 अक्टूबर-3 नवंबर 2026: दूसरा चार दिवसीय मैच, क्राइस्टचर्च
- 7-10 नवंबर 2026: तीसरा चार दिवसीय मैच, लिंकन

