Khelo India Samvad : माय भारत के तत्वावधान में बसना महाविद्यालय में हुआ खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम
Khelo India Samvad: बसना महाविद्यालय में आयोजित खेलो इंडिया संवाद में युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को खेल, अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।
क
कीर्तिमान डेस्क | कमलेश साहू
27 Aug 2026, 08:38 PM
महासमुंद
Khelo India Samvad: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर माय भारत युवा कार्यक्रम के तत्वावधान में स्व. जयदेव सतपथी महाविद्यालय बसना में खेलो इंडिया संवाद - खेल की बात पीएम मोदी के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को खेलों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ खेलों के माध्यम से उनके सर्वांगीण विकास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के लिए प्रेरित करना रहा।
कलेक्टर की मौजूदगी में आयोजित हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर विनय कुमार लहंगे उपस्थित रहे। इस अवसर पर बसना एसडीएम हरिशंकर पैकरा, तहसीलदार नितिन ठाकुर, महाविद्यालय के प्राचार्य सुरेंद्र साव, सांसद प्रतिनिधि नवीन साव, विधायक प्रतिनिधि महित पटेल, प्रोफेसर विजय एवं माय भारत प्रभारी अभिषेक दास सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
पीएम मोदी के संवाद से प्रेरित हुए युवा
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के युवाओं के साथ खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। संवाद के माध्यम से खेल, युवा शक्ति, अनुशासन, स्वास्थ्य, नेतृत्व, कौशल विकास एवं राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर युवाओं को मार्गदर्शन एवं प्रेरणा मिली। कार्यक्रम के पश्चात कलेक्टर विनय कुमार लहंगे ने विद्यार्थियों से खेलो इंडिया संवाद एवं खेलों के महत्व पर चर्चा करते हुए उन्हें खेल सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया।