Krishna Janmashtami Celebration: सरस्वती शिशु मंदिर फरफौद व रीवा में धूमधाम से मना श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व
Krishna Janmashtami Celebration: सरस्वती शिशु मंदिर फरफौद और रीवा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। बच्चों ने राधा-कृष्ण का रूप धारण कर शोभायात्रा, मटकी फोड़, खेल प्रतियोगिताओं और कृष्ण लीला में हिस्सा लिया। रीवा में 27 भैया कृष्ण और 66 बहनें राधा रानी के रूप में नजर आईं।
क
कीर्तिमान न्यूज
04 Sep 2026, 08:24 PM
आरंग
Krishna Janmashtami Celebration: आरंग क्षेत्र के सरस्वती शिशु मंदिर फरफौद और रीवा में 4 सितंबर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार काफी उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पारंपरिक खेलकूद और मनमोहक शोभायात्रा से पूरा इलाका भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
शोभायात्रा में गूंजे जयकारे, चौक-चौराहों पर फूटी मटकी
दोपहर करीब 12 बजे विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चे श्री कृष्ण, बलराम और उनके बाल-सखाओं के वेश में तैयार होकर पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय समिति के सचिव मेघराज चंद्राकर, उपाध्यक्ष सोहन चंद्राकर, कोषाध्यक्ष अरुण चंद्राकर और सदस्य रिखि राम साहू द्वारा भगवान कृष्ण के चित्र पर दीप प्रज्वलन व आरती के साथ हुई। इसके बाद गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जो श्री राम नगर, भाठापारा, महामाया पारा, गुड़ी पारा, पुरानी बस्ती पारा और पुराना स्कूल पारा से होकर गुजरी। इस दौरान गांव के प्रमुख चौक-चौराहों पर दही-हांडी (मटकी फोड़) का आयोजन हुआ, जिसे देखने के लिए स्थानीय ग्रामीणों और महिलाओं की भारी भीड़ जमा रही।
खेलकूद और प्रतियोगिताएं रहीं आकर्षण का केंद्र नन्हे राधा कृष्णा बने आकर्षण
दोपहर 3 बजे से स्कूल परिसर में खेलकूद प्रतियोगिताओं का दौर शुरू हुआ। इसमें रस्सा खींच, मटका फोड़, धीमी साइकिल रेस और कुर्सी दौड़ जैसी स्पर्धाएं आयोजित की गईं। कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता में दिव्या यादव ने बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया। शाम 5 बजे 'राधा-कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता' आयोजित की गई, जिसमें 20 बालिकाओं ने राधा और 19 बालकों ने कृष्ण का रूप धारण किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की इस मनमोहक टोली को देखकर लोग भावविभोर हो उठे।
रीवा विद्यालय में भी दिखा उत्साह
दूसरी ओर, सरस्वती शिशु मंदिर रीवा में भी जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। यहाँ 27 भैया श्री कृष्ण और 66 बहनें राधा रानी के रूप में सज-धजकर पहुंचीं। बच्चों के इस भक्तिमय स्वरूप ने पूरे परिसर का माहौल उल्लासपूर्ण बना दिया।
कृष्ण लीला ने बांधा समां
मुख्य कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत फरफौद की सरपंच प्रिया पंकज चंद्राकर, समिति पदाधिकारियों के साथ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। अतिथियों द्वारा पूजन-अर्चन के बाद बच्चों ने 'कृष्ण लीला' का सुंदर मंचन किया। देर शाम तक चले इन कार्यक्रमों का पूरे गांव ने आनंद उठाया।