दुर्ग जिले के अंडा थाना क्षेत्र के ग्राम अछोटी में बुधवार रात एक मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा घर लपटों से घिर गया। घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब साढ़े चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।
राहत की बात रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के मुताबिक, घटना बुधवार रात करीब 8 बजे की है। ग्राम अछोटी निवासी रामचरण के मकान से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप ले लिया और घर के अंदर से तेज लपटें निकलने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी।
साढ़े चार घंटे तक चला आग बुझाने का अभियान
सूचना मिलते ही दुर्ग से दमकल की दो गाड़ियां रवाना की गईं। मौके पर पहुंचने तक आग काफी फैल चुकी थी और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले चुकी थी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 4 घंटे 30 मिनट तक लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास किया गया, जिसके बाद पूरी तरह से आग पर काबू पाया जा सका। अग्निशमन विभाग के जवानों की सतर्कता से आग को आसपास के अन्य मकानों तक फैलने से रोक लिया गया। समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा नुकसान हो सकता था।आग लगने के कारणों का पता नहीं चला
फिलहाल मकान में आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। अग्निशमन विभाग और संबंधित अधिकारियों की ओर से मामले की जांच की जा रही है। जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी दिनेश राउते ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया था। दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास कर आग पर नियंत्रण पा लिया। उन्होंने बताया कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है और आसपास के घरों को भी सुरक्षित बचा लिया गया।