Murder Case: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेमिका को दूसरे युवक के साथ देखने के बाद हुए विवाद में एक व्यक्ति ने उसकी हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छिपा दिया। दो दिनों तक महिला के लापता रहने के बाद गांव में उसकी तलाश शुरू हुई। इस बीच आरोपी ने अपने बेटे के सामने हत्या की बात स्वीकार कर ली। बेटे ने उसे पुलिस के सामने सच बताने की सलाह दी, लेकिन इसके कुछ देर बाद ही आरोपी ने खेत में जाकर जहर खा लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना कोरबा और जांजगीर-चांपा जिले की सीमा से लगे पंतोरा चौकी क्षेत्र के अंगारखार गांव की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर महिला का शव बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दूसरे युवक के साथ देखने पर विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान शिवचरण यादव (51) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिवचरण ने अपनी प्रेमिका धनेश्वरी बाई को किसी दूसरे युवक के साथ देख लिया था। इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी ने धनेश्वरी की हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने शव को गांव में नल के पास स्थित झाड़ियों में छिपा दिया। उसका मकसद घटना को छिपाए रखना था। उधर, धनेश्वरी बाई लगातार दो दिनों तक गांव में दिखाई नहीं दीं, जिससे ग्रामीणों को उनकी चिंता होने लगी।
गांव में बुलाई गई बैठक, आरोपी ने किया इनकार
महिला के अचानक लापता होने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ। इसके बाद गांव में बैठक बुलाकर उसकी तलाश और पूरे मामले को लेकर चर्चा की गई। संदेह के आधार पर शिवचरण यादव को भी बैठक में बुलाया गया। हालांकि, ग्रामीणों के सामने उसने हत्या में अपनी किसी भी भूमिका से इनकार कर दिया। बैठक के बाद वह अपने घर लौट आया, लेकिन घर पहुंचने पर उसने अपने बेटे दुर्गेश के सामने धनेश्वरी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
बेटे ने पुलिस के पास जाने की दी सलाह, खेत में खाया जहर
आरोपी के कबूलनामे के बाद बेटे दुर्गेश ने उसे पुलिस के पास जाकर पूरी घटना बताने और कानून के सामने आत्मसमर्पण करने की सलाह दी। बताया जा रहा है कि इसके बाद शिवचरण घर से निकलकर खेत की ओर चला गया। वहां उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोशी की स्थिति में मिला। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल कोरबा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों से मिला शव
शिवचरण के जहर सेवन की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची। पूछताछ के दौरान परिजनों ने पुलिस को बताया कि उसने घर में एक महिला की हत्या करने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर बुधवार सुबह पंतोरा चौकी पुलिस ने अंगारखार गांव में नल के पास झाड़ियों की तलाशी ली। इस दौरान धनेश्वरी बाई का शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। CSP प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, जिला अस्पताल स्थित पुलिस सहायता केंद्र से एक व्यक्ति के जहर सेवन की सूचना मिली थी। व्यक्ति की पहचान शिवचरण यादव (51) निवासी पंतोरा के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उसने एक महिला की हत्या करने की बात स्वीकार की है और इसके बाद जहर का सेवन किया।












