Narmadapuram News: पवित्र नर्मदा नदी के किनारे और खेतों की आड़ में चल रहे जुए के अड्डे का खुलासा सोशल मीडिया पर वायरल हुए दो वीडियो से हुआ है, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है और संदिग्ध स्थानों पर जांच शुरू कर दी गई है। वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में लोग जुआ खेलते नजर आ रहे हैं, पहले वीडियो में दिन के समय नदी किनारे कुछ लोग ताश के पत्तों के साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में जमीन पर 500-500 रुपए के नोटों की गड्डियां और शराब की बोतलें भी नजर आने का दावा किया जा रहा है। वहीं, दूसरे वीडियो में रात के समय एक तिरपाल से बनी झोपड़ी के अंदर कई लोग गोल घेरा बनाकर बैठे दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यहां बड़े पैमाने पर पैसों का दांव लगाया जा रहा था।
नाव से पहुंचते थे जुए के अड्डे तक
स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, यह जुआ फड़ माखननगर थाना क्षेत्र के ग्राम ढाना के पास आमखेड़ी रेत खदान इलाके में संचालित हो रहा था। बताया जा रहा है कि जुआ खेलने वाले अपनी गाड़ियां सीहोर जिले के ग्राम नांदनेर में खड़ी करते थे और वहां से नाव के जरिए नर्मदा नदी पार कर मौके तक पहुंचते थे।
पुलिस ने शुरू की जांच
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की। एसपी के निर्देश पर सोहागपुर एसडीओपी अरविंद शाह और माखननगर थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर ने सीहोर पुलिस के साथ मिलकर नांदनेर, ढाना और आमखेड़ी क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया।
हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके पर मौजूद लोग वहां से फरार हो चुके थे।
वायरल वीडियो की जांच जारी
अब पुलिस वायरल वीडियो की लोकेशन की पुष्टि करने में जुटी है। एएसपी अभिषेक राजन ने बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है। संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी जा रही है और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
