One Day SP: छात्राओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से कोंडागांव पुलिस ने एक अनूठी पहल की। शासकीय हाई स्कूल जैतपुरी, फरसगांव के शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यालय की छात्रा प्रिया नेताम को एक दिन के लिए पुलिस अधीक्षक (SP) की जिम्मेदारी सौंपी गई। खास बात यह रही कि एसपी की कुर्सी संभालते ही प्रिया ने अपने विद्यालय की पेयजल समस्या को प्राथमिकता से उठाया और स्कूल में वाटर फिल्टर लगाने के निर्देश दिए। दरअसल, विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोंडागांव का भ्रमण कराया गया था। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की अलग-अलग शाखाओं का निरीक्षण कराया। साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की जांच और पुलिस विभाग की दैनिक गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
एसपी बनते ही प्रिया ने उठाया स्कूल का मुद्दा
इस शैक्षणिक भ्रमण को छात्राओं के लिए और अधिक प्रेरणादायक बनाने के उद्देश्य से प्रिया नेताम को एक दिन का एसपी बनाया गया। जिम्मेदारी मिलते ही प्रिया ने अपने विद्यालय में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने स्कूल में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वाटर फिल्टर लगाने की बात कही और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। प्रिया की इस पहल ने यह संदेश दिया कि नेतृत्व का अवसर मिलने पर अपनी जिम्मेदारियों के साथ-साथ दूसरों की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना भी जरूरी है।
आधुनिक तकनीक से समझी पुलिस की कार्यप्रणाली
भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने विद्यार्थियों को पुलिस विभाग में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक तकनीकों से भी परिचित कराया। उन्होंने आईरिस स्कैनर, क्राइम मैक एप्लीकेशन और फिंगरप्रिंट तकनीक के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अपराधियों की पहचान और आपराधिक मामलों के अनुसंधान में इन तकनीकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विद्यार्थियों को समझाया गया कि आधुनिक उपकरणों और डिजिटल तकनीक की मदद से पुलिस किस तरह जांच प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाती है। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने उपकरणों को लेकर उत्सुकता दिखाई और पुलिस अधिकारियों से कई जानकारियां प्राप्त कीं।
विद्यार्थियों के लिए रहा प्रेरणादायक अनुभव
एक दिन के लिए एसपी बनीं प्रिया नेताम की पहल ने इस शैक्षणिक भ्रमण को खास बना दिया। इस गतिविधि के माध्यम से छात्राओं को नेतृत्व करने, अपनी बात जिम्मेदारी के साथ रखने और सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए आगे आने का अवसर मिला। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य राजेश पांडेय सहित शिक्षक लीना तिवारी, पूनम नाग, गौरव राय, टेमन साहू और तौफीक आलम मौजूद रहे।











