Online Fraud: भिलाई में ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। शेयर मार्केट और IPO ट्रेडिंग में रकम लगाने पर दोगुना पैसा लौटाने का लालच देकर एक निजी कंपनी के असिस्टेंट मैनेजर से 23 लाख 30 हजार रुपए ठग लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर स्मृति नगर चौकी पुलिस ने मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, चौहान ग्रीनवैली जुनवानी निवासी जितेंद्र कुमार वासनिक (52) भिलाई स्टील प्लांट की नंदिनी लाइम स्टोन माइंस में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 29 दिसंबर 2025 को उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सएप के जरिए ट्रेडिंग से जुड़ा लिंक और मैसेज भेजा था।
निवेश पर दोगुना रिटर्न का दिया भरोसा
जितेंद्र ने जब उस व्यक्ति से संपर्क किया तो उसने खुद को शेयर बाजार और ट्रेडिंग से जुड़ा हुआ बताया। आरोपी ने शेयर और IPO में निवेश करने पर कम समय में रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया। ज्यादा मुनाफे के लालच में आकर जितेंद्र उसकी बातों में आ गए। इसके बाद आरोपी के बताए बैंक खातों में रकम जमा करने का सिलसिला शुरू हो गया। जितेंद्र ने 6 जनवरी 2026 को पहली बार अपने भारतीय स्टेट बैंक खाते से योनो ऐप के माध्यम से 50 हजार रुपए ट्रांसफर किए। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में कई बार पैसे जमा कराए गए।
12 फरवरी तक जमा किए 23.30 लाख रुपए
शिकायत के मुताबिक, 12 फरवरी 2026 तक जितेंद्र ने आरोपी के बताए खातों में कुल 23 लाख 30 हजार रुपए निवेश के नाम पर जमा कर दिए। लेकिन इसके बाद उन्हें न तो कोई मुनाफा मिला और न ही उनकी मूल रकम वापस की गई। जब लंबे समय तक कोई राशि वापस नहीं मिली तो उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने 7 सितंबर 2026 को स्मृति नगर चौकी पहुंचकर पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का मामला पाए जाने पर अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी की पहचान और पूरे मामले की जांच में जुटी है।

