Online Trading Fraud: राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच देकर दो महिलाओं से लाखों रुपए लेने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कैलाश सेठी (37) को गिरफ्तार किया है। दोनों महिलाओं से आरोपी ने अलग-अलग समय में कुल 82.50 लाख रुपए लिए थे। इनमें से 45.80 लाख रुपए वापस किए गए, लेकिन 36.70 लाख रुपए अब तक नहीं लौटाए गए। दोनों शिकायतों पर डोंगरगढ़ पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
प्योर ट्रेडिंग कंपनी में निवेश के नाम पर ली रकम
पुलिस के मुताबिक, डोंगरगढ़ के वार्ड क्रमांक 21, रेस्ट हाउस निवासी प्रतिमा पाल ने शिकायत में बताया कि कैलाश सेठी ने अपनी कंपनी ‘प्योर ट्रेडिंग’ में पैसा लगाने पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया था। इसके बाद 30 मई 2023 से 4 मई 2025 के बीच आरोपी ने उनसे ऑनलाइन और नगद माध्यम से कुल 27.50 लाख रुपए लिए। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने करीब 19 लाख रुपए वापस कर दिए, लेकिन 8.50 लाख रुपए की राशि नहीं लौटाई। कई बार रकम वापस मांगने के बावजूद भुगतान नहीं होने पर प्रतिमा पाल की शिकायत पर डोंगरगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 413/2026 दर्ज किया गया।
दूसरी महिला से 55 लाख रुपए लेने का आरोप
इसी तरह न्यू सब्जी मंडी, गोलबाजार डोंगरगढ़ निवासी नमिता चौबे ने भी कैलाश सेठी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने उन्हें भी ‘प्योर ट्रेडिंग’ में निवेश करने पर अधिक लाभ का भरोसा दिया था। 7 फरवरी 2023 से 7 मई 2025 के बीच नमिता चौबे से ऑनलाइन और नगद माध्यम से कुल 55 लाख रुपए लिए गए। इनमें से करीब 26.80 लाख रुपए वापस किए गए, जबकि 28.20 लाख रुपए की राशि वापस नहीं की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 414/2026 दर्ज किया।जांच के बाद आरोपी गिरफ्तार
दोनों मामलों में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 238 के तहत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस ने कैलाश सेठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि जांच में ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश पर अधिक मुनाफे का लालच देकर रकम लेने से संबंधित साक्ष्य सामने आए। इसके बाद आरोपी को 30 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी कैलाश सेठी पिता बिगनेश्वर सेठी है। उसका पता क्वार्टर नंबर 09, स्टेट 33, सेक्टर-10 बताया गया है, जबकि वर्तमान पता मीनाक्षी नगर, चंद्राकर भवन के पास, दुर्ग है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल ने की। पुलिस टीम में सउनि धन्ना सिन्हा, आरक्षक अरुण मनहर, आरक्षक तिलक कंवर और महिला आरक्षक सुषमा मराठे शामिल रहे।

