पीएम जनमन योजना से बदली कुमारी बाई की जिंदगी, मिला सपनों का आशियाना
महासमुंद के रामपुर गांव की कुमारी बाई कमार को पीएम जनमन आवास योजना के तहत पक्का मकान मिला है। पति के निधन के बाद संघर्ष भरा जीवन जी रही कुमारी बाई अब अपने दो बच्चों के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन बिता रही हैं।
जीवन में आई कठिन परिस्थितियों के बीच भी हिम्मत नहीं हारने वाली महासमुंद विकासखंड के ग्राम पंचायत डुमरपाली के आश्रित ग्राम रामपुर की रहने वाली कुमारी बाई कमार के लिए अब नया घर नई उम्मीद लेकर आया है। प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाभियान (पीएम जनमन) आवास योजना के तहत उन्हें पक्का मकान मिला है, जिससे उनका वर्षों पुराना सुरक्षित घर का सपना पूरा हो गया है।
पति के निधन के बाद बढ़ी परिवार की जिम्मेदारी
35 वर्षीय कुमारी बाई कमार का जीवन काफी संघर्षों से भरा रहा। विवाह के कुछ समय बाद ही उनके पति का असमय निधन हो गया। इसके बाद दो छोटे बच्चों की देखभाल और परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्होंने मेहनत-मजदूरी और बांस से घरेलू उपयोग की सामग्री तैयार कर अपनी आजीविका चलानी शुरू की। सीमित आय में परिवार का पालन-पोषण करना उनके लिए बड़ी चुनौती थी।
कुमारी बाई कमार का नया पक्का मकान
कच्चे मकान में गुजर रही थी जिंदगी
कुमारी बाई पहले जंगल से लगे क्षेत्र में बने कच्चे मकान में रहती थीं और बारिश के दिनों में घर की स्थिति खराब हो जाती थी, वहीं रात के समय जंगली जानवरों का खतरा भी बना रहता था। पक्का और सुरक्षित घर उनके लिए लंबे समय से एक सपना था, लेकिन आर्थिक परेशानियों के कारण इसे पूरा करना संभव नहीं हो पा रहा था।
पीएम जनमन योजना बनी सहारा
इसी दौरान ग्राम पंचायत के माध्यम से कुमारी बाई को प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाभियान (पीएम जनमन) आवास योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत पात्रता मिलने के बाद उनका नाम आवास के लिए स्वीकृत किया गया। सरकारी सहायता से उनका पक्का मकान बनकर तैयार हुआ और अब वह अपने दोनों बच्चों के साथ नए घर में रह रही हैं।
अब परिवार को मिली सुरक्षा और सम्मान
पक्का घर मिलने के बाद कुमारी बाई और उनके बच्चों का जीवन काफी आसान हो गया है। अब उन्हें बारिश, तेज हवाओं और जंगली जानवरों के खतरे की चिंता नहीं सताती। कुमारी बाई का कहना है कि इस योजना ने उन्हें सिर्फ एक मकान नहीं दिया, बल्कि परिवार को सुरक्षित जीवन, सम्मान और बेहतर भविष्य की उम्मीद भी दी है। उन्होंने पीएम जनमन आवास योजना के लिए केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।