Police Custody Death Case: जांजगीर-चाम्पा जिले के चाम्पा थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस हिरासत में रखे गए युवक शिव सहिस की मौत के बाद थाने के बाहर जमकर हंगामा हुआ। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव कर दिया और करीब 6 घंटे तक विरोध प्रदर्शन चलता रहा।
मामले की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए थाना परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान एडिशनल एसपी, एसडीएम, तहसीलदार, तीन डीएसपी और कई थाना प्रभारी मौजूद रहे। बाद में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) भी मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से बातचीत की।
परिजनों ने लगाए मारपीट के आरोप
मृतक शिव सहिस के परिजनों का आरोप है कि पुलिस हिरासत के दौरान उसके साथ मारपीट की गई, जिसके कारण उसकी मौत हुई। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। परिवार के मुताबिक, मृतक के पीछे पत्नी, पांच बच्चे, माता-पिता और भाई हैं। ऐसे में उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग भी रखी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी की। युवक के शव का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों की टीम द्वारा किया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है, ताकि जांच में पारदर्शिता बनी रहे।अवैध शराब मामले में हुई थी गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, चाम्पा क्षेत्र के मेंहदीपारा निवासी शिव सहिस को बुधवार 9 सितंबर की शाम करीब 20 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसे चाम्पा थाने में पुलिस हिरासत में रखा गया था। पुलिस का कहना है कि रात करीब 10 बजे युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे इलाज के लिए चाम्पा के शासकीय बीडीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां रातभर उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
